
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर के आसमान में रविवार सुबह छाए घने कोहरे का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। कम विजिबिलिटी के चलते पुणे से इंदौर आ रही इंडिगो की फ्लाइट को भोपाल डायवर्ट किया, जो करीब दो घंटे बाद वापस इंदौर लौटी। इसके कारण विमान में सवार 173 यात्रियों को परेशानी उठाना पड़ी।
दरअसल इंडिगो की पुणे-इंदौर उड़ान 6ई 284 सुबह 6.40 बजे इंदौर लैंड होने वाली थी, लेकिन कोहरे के कारण पायलट को रनवे साफ दिखाई नहीं दिया। पायलट द्वारा उतरने में असमर्थता जताने के कारण एटीसी ने विमान को भोपाल डायवर्ट कर दिया।
यह भी पढ़ें- जबलपुर से फिर शुरू होगी इंडिगो की उड़ान, बंद होगी नवी मुंबई सेवा; जारी किया विंटर शेड्यूल
मौसम साफ होने के बाद विमान करीब दो घंटे की देरी से सुबह 8:42 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचा। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार पुणे से आने के बाद यह विमान सुबह 7.20 बजे बेंगलुरु जाता है, लेकिन पुणे उड़ान के भोपाल डायवर्ट होने से बेंगलुरु उड़ान 6ई 701 सुबह 9.43 बजे इंदौर से रवाना हो सकी।