
नईदुनिया प्रतिनिधि, जेवर (गौतम बुद्ध नगर)। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री और मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री साध्वी उमा भारती की सोमवार देर रात यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर के दौरान अचानक तबीयत खराब हो गई। उनकी स्थिति को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों ने बिना देरी किए उन्हें तत्काल जेवर स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की टीम ने उनकी स्वास्थ्य जांच के बाद उपचार शुरू किया।
भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, उमा भारती सोमवार को वृंदावन में ठाकुर बांके बिहारी महाराज के दर्शन करने गई थीं। दर्शन के उपरांत वे यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते वापस लौट रही थीं, तभी सफर के दौरान उन्हें अचानक शरीर में दर्द महसूस हुआ और उनकी स्थिति बिगड़ने लगी।
यह भी पढ़ें- MP में सहकारिता का महा-अभियान, 10 लाख नए किसानों को समितियों से जोड़ेगी सरकार, मात्र ₹600 में मिलेगी सदस्यता
तबीयत खराब होते ही उनके सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाई और काफिले को सबौता इंटरचेंज से सीधे जेवर के कैलाश अस्पताल ले गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर प्राथमिक उपचार दिया। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने राहत की खबर देते हुए बताया कि उपचार के बाद अब उनकी स्थिति सामान्य है और वे पहले से काफी अच्छा महसूस कर रही हैं।