
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने की चाह में एक युवती ने निवेशक को 15 लाख रुपये की चपत लगा दी। लसूड़िया पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। साइबर अपराधियों ने निवेशक से पहले वाट्सएप पर संपर्क किया था।
बाद में मोबाइल में फर्जी ट्रेडिंग ऐप इंस्टाल करवा लिया गया। उसमें निवेश की रकम बढ़ी दिखाई और दो आईपीओ दिलाने का झांसा दिया गया। मुनाफे की रकम निकालने पर ठगी का अहसास हुआ। आरोपित विभिन्न प्रक्रिया उसको उलझाते रहे।
लसूड़िया पुलिस के अनुसार स्कीम -78 निवासी विश्वामित्र दुबे ने शिकायत में बताया कि एक सितंबर को वाट्सएप पर अनजान नंबर से शिखा नामक युवती का कॉल आया था। उसने शेयर बाजार में निवेश से अच्छा मुनाफा कमाने का लालच दिया और दो आईपीओ आवंटित कराने का दावा भी किया।
निवेशक विश्वामित्र युवती के झांसे में आ गए और मोबाइल में ‘निफ्टी पीडब्ल्यूएम’ ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड किया। ऐप पर एक कस्टमर एजेंट भी उपलब्ध था, जो निवेश के लिए बैंक खातों की जानकारी भेजता था। पीड़ित के मुताबिक, खातों में रकम ट्रांसफर करने पर ऐप फर्जी था और उसमें जमा राशि और मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाई देता था। इससे उन्हें निवेश के सुरक्षित होने और कमाई का भरोसा होने लगा।
शेयर और आईपीओ में अच्छा मुनाफा दिखाई देने के बाद विश्वामित्र ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की। आरोप है कि जालसाजों ने अलग-अलग प्रक्रियाओं का हवाला देकर उन्हें उलझाया और रकम लौटाने में टालमटोल की। इस दौरान कई किश्तों में करीब 15 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में जमा करवा लिए गए। करीब 10 दिन बीतने के बाद भी जब रकम उनके बैंक खाते में वापस नहीं आई तब उन्हें शक हुआ। एफआईआर दर्ज पुलिस मोबाइल और बैंक खातों की जांच कर रही है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि फर्जी ट्रेडिंग ऐप किसने तैयार किया था।
यह भी पढ़ें- बलरामपुर में सरकारी नौकरी का झांसा देकर 2.75 लाख की ठगी, आरोपी ने फर्जी चेक देकर थाने में रची झूठी साजिश