
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर से 60 किमी दूर गौतमपुरा में दीपावली के दूसरे दिन आज हिंगोट युद्ध खेला जाएगा। इसमें तुर्रा और कलंगी दल के योद्धा एक दूसरे पर अग्निबाण चलाएंगे। वर्षों पुरारी इस परंपरा को निभाने 150 से ज्यादा योद्धा जुटेंगे और बड़ी संख्या में अन्य गांवों सहित इंदौर शहर से भी इसे देखने के लिए दर्शक पहुंचेंगे। इस युद्ध में गौतमपुरा और रुणजी के लोग शामिल होते हैं। हर साल इस दौरान कई लोग घायल भी हो जाते हैं। इसको लेकर हेल्थ टीम भी मौके पर तैनात रहती है।
जिस हिंगोट से यह युद्ध होता है उसे हिंगोरिया नाम के एक पेड़ के फलों से बनाया जाता है। इन फलों को सुखाकर इसमें छेदकर बारूद भरा जाता है। इसमें राकेट की तरह बांकी की डंडी भी लगाई जाती है। जिसे पकड़कर योद्धा इसे जलाते हैं और एक-दूसरे पर फेंकते हैं। इन हिंगोट की चपेट में आने से कई बार दर्शक भी घायल हो चुके हैं।
हिंगोट युद्ध में दर्शकों की सुरक्षा को देखते हुए इस बार जालियां लगाई गई हैं। दर्शक इनके पीछे से ही इस परंपरा को देख सकेंगे। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, फायर ब्रिगेड के वाहन और डॉक्टर भी तैनात रहेंगे। ग्रामीणों का दावा है कि यह परंपरा 250 साल से भी ज्यादा पुरानी है।
यह भी पढ़ें- इंदौर के आसमान में बरसेंगे अग्निबाण, सजेगा परंपरा का रणक्षेत्र, तुर्रा और कलंगी में होगा हिंगोट युद्ध