
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। गांधी नगर से सुपर कॉरिडोर के बीच मेट्रो का संचालन शुरू हुए एक माह से ज्यादा समय बीत चुका है। एक माह में मेट्रो में 75 हजार यात्रियों ने सफर किया और मेट्रो के खजाने में किराए से 30 लाख रुपये आए। मेट्रो में औसतन हर दिन ढाई से तीन हजार यात्री सफर कर रहे हैं। वीकेंड पर करीब पांच हजार यात्री सफर कर रहे हैं।
11 अक्टूबर से इंदौर व भोपाल में मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों को टिकट पर 25 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट मिलेगी। अभी तक जहां आठ लोगों को ग्रुप टिकट की छूट दी जा रही थी लेकिन अब दो यात्रियों को ग्रुप टिकट का लाभ मिल पाएगा। इस छूट का लाभ 31 दिसंबर तक मिल सकेगा। 20 के सिंगल जर्नी का टिकट लेने पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत छूट लागू नहीं होगी।
सिंगल जर्नी टिकट : टिकट पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त छूट।
रिटर्न जर्नी टिकट : पहले मिलने वाली 5 प्रतिशत छूट के स्थान पर अब कुल 30 प्रतिशत छूट।
ग्रुप टिकट : पहले मिलने वाली 10 प्रतिशत छूट के स्थान पर अब कुल 35 प्रतिशत छूट।
एमपीएमआरसीएल मोबाइल ऐप के माध्यम से ई-वॉलेट रिचार्ज करने पर यात्रियों को पहले से ही रिचार्ज राशि के अनुसार 8 प्रतिशत से 15 प्रतिशत तक बोनस राशि का लाभ दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- मंडला में नियुक्त 16 डाटा एंट्री ऑपरेटरों की फाइल गुम, लापरवाही छिपाने के लिए नौकरी से हटाया, अब बना रहे नई फाइलें
इसके अंतर्गत 200 से 499 रुपये तक के रिचार्ज पर 8 प्रतिशत, 500 से 999 तक पर 10 प्रतिशत, 1,000 से 1,499 तक पर 12 प्रतिशत तथा 1,500 से 2,000 रुपये तक के रिचार्ज पर 15 प्रतिशत बोनस राशि मिलती है। अब इस मौजूदा ई-वॉलेट बोनस सुविधा के साथ नई प्रमोशनल टिकट छूट का लाभ मिलने से यात्रियों को टिकट पर अधिकतम लगभग 44 प्रतिशत का लाभ प्राप्त होगा।