
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। ट्रक और लग्जरी बसों से शराब की पेटियां गुजरात भेजने के मामले में पूर्व पार्षद बंते यादव के बेटे सिद्धार्थ उर्फ बंटी की सरगर्मी से तलाश जारी है। सरेंडर होने की सूचना पर बुधवार को चंदन नगर पुलिस ने जिला कोर्ट व हाईकोर्ट में टीम भेजी, लेकिन वह फरार हो गया। पुलिस बंटी पर इनाम घोषित करने की तैयारी में है।
टीआइ वेदेंद्र सिंह कुशवाह के अनुसार, पुलिस ने गुजरात जा रही यात्री बस से दो लाख रुपये कीमत की शराब जब्त की थी। चालक सागर सालट, हेल्पर सुनील वसुनिया और रतन प्रजापत को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि शराब कंचनबाग स्थित शराब दुकान से निकली थी। दुकान का लाइसेंस आदित्य शिवहरे के नाम से था, लेकिन संचालन बंटी कर रहा था।
मंगलवार को पुलिस ने मैनेजर अजीत को गिरफ्तार कर बंटी की तलाश की, लेकिन वह फरार हो गया। बुधवार को सूचना मिली कि बंटी अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट में आ रहा है। टीआइ ने टीम भेजी, लेकिन वह फरार हो गया। बंटी ने अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दायर की है।
यह भी पढ़ें- 8.30 करोड़ की लागत से बनी इंदौर फूड लैब में शुरू होगी जांच, 1 साल बाद मिली मंजूरी; स्टाफ की कमी बनी चुनौती
उधर, कनाड़िया थाने में दर्ज एक मामले में भी बंटी का नाम सामने आया है। कनाड़िया पुलिस ने उसको नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है।
टीआई के अनुसार, पुलिस ने जुलाई माह में ट्रक (यूपी 63 बीटी 1468) को 55 लाख रुपये कीमत की शराब के साथ पकड़ा था। उक्त शराब आलीराजपुर के शराब माफियाओं की मदद से गुजरात भेजी जा रही थी। एक आरोपित जुबानसिंह ने बंटी का नाम बताया और पुलिस ने उसको तलब कर लिया।