_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। बदमाशों ने युवक की हत्या की और उसका शव कचरे के ढेर में फेंक दिया। पहचान छिपाने के लिए शव को जलाकर बदमाश भाग गए। बदबू आने पर रहवासियों ने डायल-112 पर कॉल लगाकर सूचना दी तो हड़कंप मच गया। युवक की शिनाख्त नहीं हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज निकाल रही है।
टीआई लोकेश सिंह भदौरिया के मुताबिक घटना आरई-2 स्थित सिग्नेचर हाइट इमारत के समीप की है। नेमावर रोड की ओर जाने वाले रास्ते के समीप खाली प्लॉट में लोग कचरा फेंकते हैं। उसी जगह पर शव जल रहा था। समीप ही राजपूत समाज के कुछ लोगों का कार्यक्रम चल रहा था।
बदबू आने पर उन्होंने डायल-112 पर कॉल लगाया और अनहोनी की आशंका व्यक्त की। पुलिस पहुंची तो युवक का शव जलता मिला। पुलिसकर्मियों ने पानी डालकर बुझाया लेकिन युवक आधे से ज्यादा जल चुका था।
टीआई के अनुसार युवक की शिनाख्त नहीं हुई है। आसपास सीसीटीवी कैमरे भी नहीं हैं। पुलिस आने-जाने वाले रास्तों के फुटेज खंगाल रही है। मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया था। आग पेट्रोल-डीजल या केरोसिन से लगाई गई, यह भी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- इंदौर की सड़क पर स्टंटबाजी कर रही 'मिर्जापुर' गैंग पकड़ाई, 5 युवक गिरफ्तार, कान पकड़ मांगी माफी