
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। बारिश और सड़कों पर जलजमाव के कारण बुधवार को शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह बिगाड़ दी। बारिश के बाद प्रमुख सड़कें और चौराहे पानी से भर गए, जिससे पूरे शहर में जाम की स्थिति बन गई। पश्चिमी क्षेत्र से लेकर पूर्वी हिस्से तक वाहन घंटों रेंगते रहे। इस दौरान लोग परेशान होते रहे।
खजराना, विजय नगर, बंगाली चौराहा, रसोमा, एमआर-9, एलआईजी, गीताभवन, सत्यसांई चौराहा, लवकुश चौराहा और देवास नाका सहित कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हजारों लोग कार्यालयों और बाजारों से घर लौटते समय जाम में फंस गए। पानी में कई लोगों के वाहन बंद हो गए।
जाम के कारण खजराना चौराहे पर अधिक परेशानी देखने को मिली। यहां सड़क पर पानी भर जाने के कारण वाहन चालकों को निकलने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। बंगाली चौराहे पर भी यही स्थिति रही। बारिश के दौरान कई चौराहों के यातायात सिग्नल अचानक बंद हो गए। इससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई। कई स्थानों पर पुलिसकर्मियों को मैन्युअली ट्रैफिक संभालना पड़ा। यातायात पुलिस के अधिकारी और जवान सड़क पर मौजूद रहे और जाम खुलवाने का प्रयास करते रहे, लेकिन भारी दबाव के कारण यातायात सामान्य होने में कई घंटे लग गए।
जलभराव का सबसे बड़ा असर उन सड़कों पर दिखाई दिया, जहां निचले इलाकों का पानी सड़क पर आ गया। कई जगह घुटनों तक पानी भर गया। इस दौरान कई दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साइलेंसर में पानी घुस जाने से वाहन बीच सड़क पर बंद हो गए। वाहन चालकों को अपने वाहन धक्का लगाकर निकालने पड़े। हर वर्ष बारिश के मौसम में जलभराव और जाम की समस्या सामने आने के बावजूद अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।