
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। फ्लाइट से सियार टकराने की घटना के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन और वन विभाग अलर्ट हो गए हैं। पूरे परिसर में सियार और अन्य जानवरों की तलाश के लिए विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया गया। वन विभाग की टीम ने रनवे और उसके आसपास के क्षेत्रों में जांच की। इस दौरान कुछ स्थानों पर बाउंड्री से लगी जालियां टूटी हुई मिलीं। वनकर्मियों ने आशंका जताई कि इन टूटी जालियों के रास्ते जंगली जानवर एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश कर सकते हैं। इसे देखते हुए वन विभाग ने जालियों की मरम्मत कराने का सुझाव दिया है।
विमानों की सुरक्षित उड़ान सुनिश्चित करने के लिए परिसर में लगातार सर्चिंग की गई। एयरपोर्ट का ऑपरेशनल एरिया 728 एकड़ से अधिक है। रनवे के आसपास बड़े खुले मैदान और घास-फूस होने के कारण जंगली जानवरों के छिपने की संभावना रहती है। कई जगह बाउंड्रीवॉल के नीचे से भी जानवर अंदर आ सकते हैं।
इसी खतरे को देखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन और वन विभाग मिलकर अभियान चला रहे हैं। परिसर में 10 से अधिक सियार और अन्य जंगली जानवरों की मौजूदगी की आशंका है। डीएफओ लाल सुधाकर सिंह का कहना है कि एयरपोर्ट पर सियार को लेकर सर्चिंग की गई। वे कहते हैं कि एयरपोर्ट प्रबंधन ने परिसर में तीन से चार पिंजरे लगा रखे हैं।
यह भी पढ़ें- एयरपोर्ट के सामने अंडरग्राउंड मेट्रो के लिए फिर हरियाली की चढ़ेगी बलि, दो साल पहले लगाए गए थे 40 हजार पौधे
वर्ष 2014 में भी विमान से सियार टकराने की घटना हुई थी। इसके बाद चलाए गए अभियान में 15 से अधिक जानवर पकड़े गए थे। अधिकारियों के मुताबिक रनवे पर किसी जानवर की मौजूदगी विमान के टेकऑफ और लैंडिंग के दौरान बड़ा खतरा बन सकती है। इसलिए पिंजरों के जरिए पकड़ने, नियमित निगरानी और टूटी जालियों की मरम्मत पर जोर दिया जा रहा है।