
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। होलकर राजवंश के लालबाग पैलेस में जारी संरक्षण और निर्माण कार्य के दौरान एक पुरानी तिजोरी नजर आई। यह होलकरकालीन तिजोरी 17 नवंबर को पैलेस के टिकट काउंटर के पास पाथवे बनाने के लिए खोदाई के दौरान नजर आई।
तिजोरी सामने आने के बाद इसे लेकर कई तरह के कयास लगाए जाने लगे। कुछ लोगों का कहना था कि यह खोदाई में निकली है, जबकि कुछ का मानना है कि पुराने आरटीओ (रामपुरा कोठी) के खाली होने पर इसे यहां लाकर रखा गया होगा।
लालबाग पैलेस परिसर में इन दिनों 47.59 करोड़ रुपये की सुंदरीकरण योजना के तहत काम चल रहा है। इसमें मुख्य दरवाजे से लेकर भवन तक विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। टिकट काउंटर के पास बना टिन शेड हटाने पर मलबे में दबी यह तिजोरी दिखाई दी।
उपसंचालक पुरातत्व विभाग केएल डाबी ने बताया कि इस तिजोरी की जानकारी विभाग के रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है। इस बात की जांच की जाएगी कि इस तिजोरी को यहां कब और क्यों रखा गया था। इसके साथ ही तिजोरी खोलकर यह भी देखा जाएगा कि उसमें क्या रखा है।
18 नवंबर को पुरातत्व विभाग के अधिकारियों द्वारा तिजोरी का निरीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि यह तिजोरी वर्ष 1900 के आसपास की है और इसका वजन 100 से 150 किलो के बीच है। जो तिजोरी सालों से पैलेस परिसर में भवन के बाहर रखी हुई थी, उसे अब पैलेस के अंदर रख लिया गया है। आगामी दिनों में इसका केमिकल ट्रीटमेंट कराया जाएगा। इसके बाद ही इसके निर्माण की वास्तविक तिथि और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकेंगी।
यह भी पढ़ें- होलकरकालीन तिजोरी देख वन मंत्री विजय शाह बोले- कर दो नीलाम
तिजोरी की चाबी भी नहीं है, इसलिए इसे विशेषज्ञों की देखरेख में ही खोला जा सकेगा। इस तिजोरी को राजवाड़ा में तैयार की जा रही वीथिका में अन्य तिजोरियों के साथ प्रदर्शित किया जाएगा। वर्तमान में राजवाड़ा में 14 तिजोरियां हैं। ये सभी बड़े, मध्यम और छोटे आकार की हैं।