
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सिंहस्थ-2028 के दौरान उज्जैन के साथ इंदौर में भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड ठहरने के विकल्प बढ़ाने में जुटा है। इसके लिए होम स्टे और ग्राम स्टे को प्रोत्साहित किया जा रहा है। फिलहाल इंदौर जिले में अलग-अलग श्रेणियों के 39 होम स्टे संचालित हैं। इनकी संख्या बढ़ाने के लिए पर्यटन बोर्ड ने पहल तेज कर दी है।
होम स्टे को बढ़ावा देने के लिए हाल ही में एक कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें शामिल 50 से अधिक लोगों को मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के डायरेक्टर (स्किल) डीपी सिंह ने होम स्टे शुरू करने की प्रक्रिया, नियम और शुल्क की जानकारी दी। कार्यशाला में मिले रुझान के आधार पर आगामी दिनों में होम स्टे की संख्या बढ़ने की संभावना है।
अधिकांश लोगों ने शहर में होम स्टे शुरू करने में रुचि दिखाई, जबकि कुछ प्रतिभागियों ने कालाकुंड क्षेत्र में अपने फार्म हाउस को फार्म स्टे के रूप में विकसित करने की इच्छा जताई। विभाग आगामी दिनों में इस संबंध में प्रक्रिया शुरू करेगा।
यह भी पढ़ें- स्वच्छता में फिर नंबर-1 बना MP: देश में सबसे ज्यादा 9 शहरों को पुरस्कार,राष्ट्रपति ने किया सम्मानित
होम स्टे का विस्तार होने से सिंहस्थ के दौरान अतिरिक्त आवास सुविधा मिलेगी। साथ ही स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति, खानपान और रहन-सहन का अनुभव मिलेगा।