
कपिल नीले, नईदुनिया। इंदौर। मध्य प्रदेश के खंडवा में 'शिकार टूरिज्म' का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वन्य जीवों का शिकार करने के लिए लोग लाख रुपये तक देकर जंगल में जा रहे थे। एक गिरोह उनका यह शौक पूरा करने में मदद कर रहा था।
खंडवा जिले के सांभर शिकार प्रकरण की कई महीनों की जांच में ऐसे गिरोह का राजफाश हुआ है। इसके सदस्य शिकार करवाने के बदले एक लाख रुपये तक वसूलते थे। बंदूक का इंतजाम और शिकार की तारीख भी सदस्य ही तय करते थे।
खंडवा जिले के पुनासा स्थित नर्मदानगर वनक्षेत्र में इस वर्ष आठ मई को सांभर का शिकार हुआ था। मामले में दो आरोपितों अशफाक अहमद और सलामुद्दीन को गिरफ्तार किया गया। करीब 35 किलो सांभर का मांस और हथियार भी जब्त किए गए थे।
चार महीने बाद सितंबर में स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (एसटीएसएफ) इंदौर ने जांच शुरू की। एसटीएसएफ ने 19 नवंबर को इंदौर से जूतों का कारोबार करने वाले खुजेमा बूटवाला और आइटी कंपनी संचालित करने वाले मुस्तफा नदीम को गिरफ्तार किया। एक एसयूवी भी जब्त की गई।
पता चला कि अशफाक और खुजेमा एक-दूसरे को कई वर्षों से जानते हैं। खुजेमा ने ही अशफाक का परिचय मुस्तफा नदीम से करवाया था। शिकार के दिन खुजेमा मौके पर मौजूद नहीं था, लेकिन वह अशफाक और मुस्तफा नदीम के लगातार संपर्क में था। एसटीएसएफ ने काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर) के आधार पर उसे आरोपित बनाया। खुजेमा और मुस्तफा नदीम न्यायिक हिरासत में जेल में हैं। बाकी तीन को जमानत मिल गई है।
एसटीएसएफ की पूछताछ में गिरोह को एक लाख रुपये देने की बात सामने आई है। अशफाक अहमद को शिकार की योजना बनाने वाला प्रमुख आरोपित बताया गया है। अशफाक शिकार संबंधी गतिविधियों में शामिल रहा है। उस पर आर्म्स एक्ट का मामला भी दर्ज है। अशफाक तक रुपये पहुंचने के बाद गिरोह के अन्य सदस्य संपर्क में आते और शिकार की तैयारी शुरू होती थी।
यह भी पढ़ें- बालाघाट में करंट बिछाकर नीलगाय का शिकार, तीन आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल, सुसवा बीट की घटना
जंगल से परिचित आरोपित शिकार के शौकीन लोगों को वन्यजीवों की उपस्थिति वाली जगह पर ले जाते और शिकार किया जाता। आठ मई के शिकार में सिक्योरिटी गार्ड सैयद असीम अली की बंदूक इस्तेमाल की गई। वह 10 हजार रुपये लेकर बंदूक किराये पर देता था। शिकार में मारे गए वन्यप्राणी का मांस भी लेता था।
सांभर शिकार मामले में एसटीएसएफ ने इंदौर से दो आरोपितों को पकड़ा है। उनसे पूछताछ के बाद बाकी तथ्यों की जांच की जा रही है। अभी पांच लोगों को आरोपित बनाया गया है। दो अन्य फरार हैं।- राकेश डामोर, डीएफओ, खंडवा वनमंडल।