
लोकेश सोलंकी, नईदुनिया, इंदौर। जवाहर मार्ग पर मालगंज चौराहे के पास नगर निगम की खाली पड़ी पार्किंग पर वसूलीबाजों ने कब्जा कर लिया है। नगर निगम ने न तो पार्किंग आवंटित की और न किसी को ठेका दिया, लेकिन वाहन चालकों से पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है। कई महीनों से यह सिलसिला जारी है।
अवैध वसूली करने वालों ने इस पार्किंग के सामने जंगमपुरा के कोने की सड़क पर भी पार्किंग के बदले वसूली शुरू कर दी है। बाकायदा वसूली करने वाले कर्मचारी तैनात कर दिए हैं। कार वालों को निशाना बनाया जा रहा है। एक घंटा कार पार्क करने के लिए 100 रुपये लिए जा रहे हैं।
बीते दिनों में क्षेत्रीय रहवासियों ने भी जनप्रतिनिधियों को पार्किंग पर कब्जे की शिकायत की थी। रहवासियों के अनुसार आसपास के लोग रात में खाली पार्किंग में गाड़ी पार्क कर रहे थे, तो उनके पास भी कुछ लोग पहुंचे और उनसे पार्किंग के बदले मासिक भुगतान की बात कही। दिनभर बाजार में आने-जाने वालों से वसूली हो रही है। हर दिन हजारों रुपये नगर निगम की खाली पार्किंग व सड़क से कमाए जा रहे हैं।
नईदुनिया प्रतिनिधि गुरुवार दोपहर मौके पर पहुंचा। गाड़ी रोकी तो टोपी पहने एक व्यक्ति पास आया। उसने पूछा कि क्या गाड़ी पार्क करना है? हामी भरी तो उसने पार्किंग की ओर इशारा किया। हाथ में कई गाड़ियों की चाबियां थामे उस व्यक्ति ने बाद में पूछा कि कितनी देर गाड़ी खड़ी करना है? इसके बाद पार्किंग के ठीक सामने कुल्फी और गजक की दुकान में से एक व्यक्ति भी आया और पार्क करवा रहे व्यक्ति को निर्देश दिए कि नंबर ले लेना, ज्यादा टाइम लगे और दूसरी गाड़ियां लगवाना हो तो इन्हें बोल देना। इसके साथ ही नईदुनिया प्रतिनिधि को कहा कि कार पार्किंग के लिए प्रति घंटा 100 रुपये शुल्क देना होगा।
यह भी पढ़ें- इंदौर बस डिपो अग्निकांड से उठे गंभीर सवाल, कबाड़ से कमाई के प्रयोग फेल, सुरक्षा इंतजाम नदारद
नईदुनिया प्रतिनिधि ने जब पैसे मांग रहे शख्स से पूछा कि क्या वो निगम का कर्मचारी है? ये पार्किंग तो वर्षों से निश्शुल्क है। तो टोपी पहने शख्स ने अपना नाम राजेश परमार और सामने दुकान से आए व्यक्ति का नाम राठौर बताते हुए कहा कि हमें नगर निगम ने पार्किंग चलाने के लिए दी है। नईदुनिया प्रतिनिधि ने ज्यादा जानकारी मांगी और अपना परिचय दिया तो एक शख्स सामने गजक की दुकान में जाकर सामान तौलने लगा और पार्किंग करवाने में लगा व्यक्ति भी सड़क पर आगे जाकर ओझल हो गया।
पहले कोई मुस्लिम पार्किंग से वसूली कर रहा था, अब कम से कम कोई हिंदू तो है जो पैसे वसूल रहा है। मेरा कोई संबंध नहीं है, मैंने तो कई बार निगम में शिकायत कर दी है। पुराने जोनल अधिकारी को भी कहा था। नगर निगम ही कार्रवाई नहीं कर रहा है।- मीता रामबाबू शर्मा, क्षेत्रीय पार्षद।
कार्रवाई करेंगे
शहर में नगर निगम की जमीन या सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी तरह की अवैध वसूली को चलने नहीं दिया जाएगा। मौका मुआयना करवाकर कार्रवाई की जाएगी।- क्षितिज सिंघल, आयुक्त नगर निगम।