
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। 23 अक्टूबर को स्काउट ग्राउंड में आयोजित 'मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम' को देखते हुए निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने गुरुवार सुबह स्काउट ग्राउंड सहित अलग-अलग क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान निगमायुक्त ने विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने एवं नागरिकों की समस्याओं व लंबित आवेदनों के निराकरण के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से लगने वाले शिविर की व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिए।
शहर की सफाई व्यवस्था देखने के लिए निगमायुक्त हरसिद्धि, मच्छी बाजार, मिल्लत नगर, मोती तबेला, कलेक्टर कार्यालय चौराहा, छत्रीपुरा, बंबई बाजार, कपड़ा मार्केट, सराफा, राजवाड़ा आदि क्षेत्रों में पहुंचे। जोन 12 वार्ड 59 के अंतर्गत हरसिद्धि और मोती तबेला क्षेत्र में सड़क पर कचरा और गंदगी मिलने पर संबंधित दारोगा को फटकार लगाते हुए क्षेत्रीय दारोगा लखन मेलाने एवं सीएसआइ का एक-एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया।
वार्ड 62 के छावनी क्षेत्र में कचरा मिला। इस पर दारोगा नवीन पंचवाल और सीएसआइ का एक-एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया।
मच्छी बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे अनावश्यक रखे फर्नीचर एवं सामग्री के कारण हो रही परेशानी को देखते हुए निगमायुक्त ने इसे रिमूवल टीम के माध्यम से हटाने के लिए कहा। विद्युत डीपी एवं विद्युत पोल के आसपास भी सफाई के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें- दीवाली पर कार्बाइड गन चलाई तो सीधे दर्ज होगी FIR, ऑनलाइन बिक्री और रील बनाने वालों पर भी पुलिस की पैनी नजर