
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : शहर के कनकेश्वरी गरबा पंडाल में एक लड़की के साथ बदसलूकी का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया में वायरल हुआ। इसमें भाजपा के जीजाबाई मंडल अध्यक्ष कमल चौहान ने लड़की को धक्का देकर पंडाल से बाहर निकालते नजर आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दिखाई दे रहा है कि भाजपा नेता बैरिकेडिंग कूदकर आते हैं और लड़की के स्वजन से बहस करते हैं। इसके बाद वे लड़की से बदसलूकी करते हैं। वे उसकी बांह पकड़कर उसे बाहर करते हुए धक्का देते हैं। मौके पर उपस्थित कुछ लोग कमल चौहान को रोकने का प्रयास भी करते हैं, लेकिन वे रूके नहीं। वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पदाधिकारी को बर्खास्त करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार रात की है। लड़की गरबा खेलना चाहती थी, लेकिन उसे प्रवेश नहीं दिया गया। इसे लेकर उसका व्यवस्था संभाल रहे लोगों से विवाद हो गया। बहुप्रसारित वीडियो में चौहान लड़की से तू हट जा यहां से कहते सुनाई दे रहे हैं। लड़की इसका विरोध करती है, लेकिन चौहान इसके बावजूद लड़की को धक्का देते हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामले को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। भाजपा मंडल अध्यक्ष की बदसलूकी को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा वार किया है और कुछ सवाल उठाए हैं।
नईदुनिया ने इस बारे में कमल चौहान और भाजपा नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा से चर्चा का प्रयास किया लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इधर कांग्रेस ने इस मामले में भाजपा को घेरते हुए नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा से सवाल पूछा है कि गरबा पंडाल में बच्ची से धक्का-मुक्की की गई है। क्या आप मंडल अध्यक्ष को बर्खास्त करेंगे।