
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : वार्ड-55 की पार्षद पंखुड़ी दोशी के पति सुमित तलरेजा पर हमला करने वाला एक आरोपित भाजपा विधायक गोलू शुक्ला का समर्थक विपिन निकला। वह पिस्टल लेकर गया था। सुमित का आरोप है कि संयोगितागंज पुलिस ने छह लोगों को नामजद आरोपित बनाया पर विपिन का नाम एफआईआर से गायब कर दिया।
गीतांजलि अपार्टमेंट उषागंज छावनी निवासी सुमित पर गुरुवार रात हमला हुआ था। पुलिस ने आरोपित प्रशांत करोसिया निवासी गाड़ी अड्डा,अंश सिरसैया निवासी मुराई मोहल्ला,सुमित खरे निवासी हाट मैदान,विशाल बौरासी निवासी पालदा,प्रिंस सिरसिया निवासी मुराई मोहल्ला और ऋषि के खिलाफ केस दर्ज किया था।
सुमित का आरोप है कि हमले में अनुसूचित जाति मोर्चा का नगर अध्यक्ष विपिन चिंतामण भी शामिल था। उसका सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस ने पेश किया है। उसके हाथ में पिस्टल बताई जा रही है। सुमित के अनुसार रात को वह जाल सभागृह में एक कार्यक्रम में शामिल होने गया था।
विपिन और सुमित ने विवाद किया और विपिन ने पिस्टल निकाल ली। उसने पूराने प्रकरण में राजीनामा करने का दबाव बनाया। सुमित बच कर निकल गया और सीधे घर जा पहुंचा। पत्नी (पार्षद) पंखुड़ी से बात कर रहा था कि आरोपित एकमत होकर पहुंच गए और हमला करने लगे।
सुमित बच कर दूसरी मंजिल पर गया तो आरोपित भी पीछा करते हुए आ गए। बदमाशों ने धमकाया और गमले फैंके। फ्लैट के बाहर लगी पार्षद की प्लेट भी तोड़ डाली। घटना के बाद सुमित समर्थकों के साथ थाने गया लेकिन देर रात तक केस दर्ज नहीं हुआ पुलिस ने छह लोगों के नाम लिखें पर विपिन का नाम रोक लिया।
सुमित के अनुसार विवाद की शुरुआत दो साल पूर्व शराब दुकान के विरोध से हुई थी। सुमित ने भाजपा कार्यालय के समीप संचालित वाइन शाप का विरोध किया और दुकान हटाना पड़ी। इसके बाद उसको धमकियां मिली थी। कृष्णा खरे, शुभम, करण उसके साथ मारपीट भी कर चुके है।
मैं फुटेज में जरूर दिख रहा हूं लेकिन मैंने कोई हमला नहीं किया है। एफआईआर में भी मेरा नाम नहीं है। मेरा मामले से कुछ लेना-देना नहीं है। -विपिन चिंतामण
दोनों पार्टी के कार्यकर्ता हैं। उनका आपसी विवाद था जिसमें समझोता भी हो गया। विवाद से मेरा कोई लेना देना नहीं है। -गोलू शुक्ला, विधायक विधानसभा क्षेत्र तीन
यह भी पढ़ें- युवक के साथ मारपीट कर रहे थे बदमाश, बचाने गए पिता को मारी तलवार, इंदौर के गांधी नगर की घटना