इंदौर में दीपावली तक राजवाड़ा के बाजारों में दोपहिया वाहनों का प्रवेश बंद, पूरा क्षेत्र नो-व्हीकल जोन
दीपावली तक राजवाड़ा और आसपास के प्रमुख बाजारों में अब दोपहिया वाहनों की भी प्रवेश नहीं होगा। त्योहार पर खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने राजवाड़ा के बाजारों को पूरी तरह नो-व्हीकल जोन बनाने की तैयारी की है।
Publish Date: Sat, 07 Nov 2026 08:39:36 AM (IST)Updated Date: Sat, 07 Nov 2026 08:39:36 AM (IST)
राजबाड़ा में दिनभर खरीदी करने वालो की भीड़ नजर आई। -प्रफुल्ल चौरासिया आशुHighLights
- भीड़ के हिसाब से होगा ट्रैफिक का संचालन
- तीन लेयर में डायवर्शन, आठ जगह पार्किंग की व्यवस्था
- बाजारों में भीड़ और ट्रैफिक पर ड्रोन से रखेंगे नजर
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : दीपावली तक राजवाड़ा और आसपास के प्रमुख बाजारों में अब दोपहिया वाहनों की भी प्रवेश नहीं होगा। त्योहार पर खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने राजवाड़ा के बाजारों को पूरी तरह नो-व्हीकल जोन बनाने की तैयारी की है।
जरूरत के अनुसार ट्रैफिक का संचालन होगा और भीड़ बढ़ने पर बाजारों की ओर जाने वाले रास्तों से दोपहिया वाहनों को भी वापस डायवर्ट किया जाएगा। यानी अब राजवाड़ा, सराफा, बर्तन बाजार, आड़ा बाजार, मच्छी बाजार, यशवंत रोड और पीपली बाजार में खरीदारी के लिए लोगों को पैदल ही जाना होगा।
बाजारों के बाहरी हिस्सों में तीन लेयर में ट्रैफिक डायवर्शन किया जाएगा
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में तैयार इस प्लान के तहत बाजारों के बाहरी हिस्सों में तीन लेयर में ट्रैफिक डायवर्शन किया जाएगा। प्रमुख चौराहों और तिराहों पर यातायात पुलिस का बल तैनात रहेगा। भारी वाहन, बस, कार, आटो और ई-रिक्शा का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। भीड़ के दबाव के अनुसार दोपहिया वाहनों की आवाजाही भी नियंत्रित की जाएगी।
वाहनों के लिए आठ पार्किंग स्थल तय किए हैं
पुलिस ने बाजारों में आने वाले लोगों के वाहनों के लिए आठ पार्किंग स्थल तय किए हैं। वहीं, नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों पर क्रेन और व्हील लाक से कार्रवाई होगी। बाजारों में ट्रैफिक के दबाव और भीड़ की स्थिति पर ड्रोन से निगरानी भी रखी जाएगी।
पार्किंग के लिए तय किए आठ स्थान
- जिन्सी हाट मैदान
- सुभाष चौक पार्किं
- खजूरी बाजार पार्किंग
- बजाजखाना पार्किंग
- फ्रूट मार्केट पार्किंग
- रिवरसाइड पार्किंग
- कोठारी मार्केट पार्किंग
- पोद्दार प्लाजा पार्किंग
- ट्रैफिक डायवर्शन
- मल्हारगंज थाना टी और छिपा बाखल गली
- गोवर्धन टेलर तिराहा और गोराकुंड चौराहा
- सुभाष चौक पानी की टंकी और महेश जोशी तिराहा
- इमली बाजार और मालगंज चौराहा
- नरसिंह बाजार और पीपली बाजार तिराहा
- यशवंत रोड चौराहा और आड़ा बाजार चौक
- मच्छी बाजार चौक और पंढरीनाथ मंदिर चौक
- नंदलालपुरा चौक और संजय सेतु
- फ्रूट मार्केट और हेमिल्टन रोड
- मृगनयनी चौराहा और नगर निगम चौराहा
इन रास्तों से निकल सकेंगे वाहन
- रीगल से एयरपोर्ट: राजकुमार ब्रिज, मरीमाता, वायरलेस टी और बड़ा गणपति मार्ग।
- पलासिया से कलेक्ट्रेट: व्हाइट चर्च, सपना संगीता रोड और टावर चौराहा मार्ग।
- बड़ा गणपति से पलासिया: वायरलेस तिराहा, मरीमाता चौराहा और राजकुमार ब्रिज मार्ग।
- क्रेन, व्हील लाक और ड्रोन टीम रहेगी सक्रिय
बाजारों में यातायात व्यवस्था संभालने के लिए क्रेन पार्टी, व्हील लॉक पार्टी, बुलेट अनाउंसमेंट टीम और पेट्रोलिंग दल लगातार सक्रिय रहेंगे। नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई होगी। ड्रोन सर्विलांस से भीड़ और ट्रैफिक दबाव की निगरानी की जाएगी।
यह भी पढ़ें- इंदौर में खत्म होगी जाम की समस्या! ₹171 करोड़ से बनेंगे दो नए फ्लाईओवर, 100 से ज्यादा कॉलोनियों को मिलेगा सीधा फायदा