
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : कार सवार युवकों ने चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की। आरोपियों ने स्टॉपर तोड़ दिए और पुलिसकर्मियों को टक्कर मारकर भागे। साथी पुलिसकर्मियों ने घायल को संभाला और तीन किमी तक पीछा कर आरोपियों को कार सहित पकड़ लिया। दोनों युवकों के विरुद्ध जानलेवा हमले की धारा में कायमी की गई है।
घटना एबी रोड पर पीसी सेठी अस्पताल के समीप की है। सदर बाजार पुलिस लाइन में पदस्थ लाल साहब जाटव थानेदार रमेश चंद्र मोनिया,राजेश मिश्रा और अन्य के साथ वाहन चेकिंग कर रहे थे। नौलखा की ओर से कार(एमपी 09एआर 1239) तेज रफ्तार में आई थी।
पुलिसकर्मियों ने नशे की जांच के लिए कार रोकी लेकिन चालक भागने लगा। चालक ने स्टॉपर को टक्कर मारी और शिवाजी वाटिका की तरफ निकल गई। सामने खड़े प्रधान आरक्षक लाल साहब को टक्कर मार दी। एडीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक कार चालक टक्कर मारने के बाद भी रुके नहीं और तिलक नगर की तरफ भागे।
पुलिसकर्मियों ने आरोपियों का पीछा किया और दोनों को कार सहित पकड़ लिया। आरोपी की पहचान अनुज मीणा निवासी कोलारी खातेगांव (देवास) और शिवम निवासी बैरागढ़ (देवास) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और जानलेवा हमले की धारा में कायमी की है। सिपाही राजेश मिश्रा को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी कर दी लेकिन लाल साहब का उपचार चल रहा है।
घटना के बाद बड़े अफसर भी घटना स्थल पर पहुंच गए। एसीपी नीति दंडोतिया के अनुसार आरोपितों के विरुद्ध पुलिसकर्मियों के कथनों के आधार पर हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपित भी घायल हुआ है। शनिवार को पुलिस आयुक्त संतोष कुमारसिंह निजी अस्पताल में भर्ती पुलिसकर्मियों से मिलें और घटना की जानकारी ली। प्रधान आरक्षक ने आयुक्त को पूरा घटनाक्रम बताया। मल्हारगंज थाना के सिपाही से भी आयुक्त ने स्वास्थ्य के बारे में पूछा।
यह भी पढ़ें- राजगढ़ में खाकी पर हमला: डायल 112 के पुलिसकर्मी से मारपीट कर छीना मोबाइल; पकड़ने गई पुलिस पर बरसाए पत्थर