
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : हवाओं का रुख उत्तरी होने के कारण अभी शहरवासियों को अलसुबह व रात में ही ठंडक का अहसास हो रहा है। इंदौर में आगामी सप्ताह में इस तरह की हल्की ठंडक का दौर जारी रहेगा। बादल न होने के कारण दोपहर में तापमान सामान्य के आसपास रहेगा। न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास ही रहेगा और दिन का तापमान 30 से 32 डिग्री के आसपास रहेगा।
शहर में वायु प्रदूषण के दौरान उड़ने वाली धूल के कारण अल सुबह आधे घंटे के लिए हल्की धुंध भी नजर आएगी। अगले सप्ताह में शहरवासियों को कोहरा नजर नहीं आएगा।
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में उत्तर पूर्व बांग्लदेश के ऊपर चक्रवाती हवाओं का घेरा अब दक्षिण पूर्व बांग्लादेश व और उसके आसपास समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर बना है। वही 10 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करेगा। ऐसे में इंदौर में आगामी दिनों में ठंड का असर ज्यादा नहीं रहेगा। इंदौर शहर सहित संभाग के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क ही रहेगा।
शनिवार को शहर में दोपहर में धूप निकली और अलसुबह व रात में ठंडक का अहसास हुआ। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक रविवार को दिन का तापमान सामान्य के आसपास रहेगा। वही रात का तापमान सामान्य से कम रहेगा। सुबह कुछ समय के लिए हल्की धुंध दिखाई देने की संभावना है।
चिकित्सकों के मुताबिक शहर में अभी जगह-जगह धूल उड़ने व पटाखों के धुएं के कारण लोगों को सर्दी-खांसी जैसी समस्यां बढ़ सकती है। ऐसे में शहरवासियों घर से बाहर निकलते समय मास्क पहने अथवा व मुंह व नाक ढंककर रखे। इसके अलावा पटाखे चलाते समय में जिन लोगों धूल व धुएं से एलर्जी है वो उस क्षेत्र में जाने से बचे।
यह भी पढ़ें- एमपी में ठंडी हवाओं से बदला मौसम, पचमढ़ी से अधिक ठंडी इंदौर-भोपाल की रात, कड़ाके की ठंड का अलर्ट जारी