
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा दीपावली, छठ पूजा और देवउठनी ग्यारस त्योहारों को देखते हुए लगातार इंदौर से चलने वाली ट्रेनों के फेरों में बढ़ोतरी की जा रही है।
यात्रियों की सुविधा के लिए इंदौर - मुंबई सेंट्रल स्पेशल ट्रेन के फेरों को द्वि - साप्ताहिक से बढ़ाकर त्रि - साप्ताहिक करने का निर्णय लिया गया है। इस ट्रेन का सप्ताह में तीन दिन चलने से त्योहारों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार पांच नवंबर से इंदौर से चलने वाली ट्रेन इंदौर - मुंबई सेंट्रल स्पेशल ट्रेन इंदौर से सप्ताह में तीन दिन अर्थात् सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को चलेगी। इसी प्रकार पांच नवंबर से मुंबई सेंट्रल से चलने वाली ट्रेन मुंबई सेंट्रल - इंदौर स्पेशल ट्रेन मुंबई सेंट्रल से सप्ताह में तीन दिन अर्थात् मंगलवार, गुरुवार एवं रविवार को चलेगी। पूर्व विस्तारित फेरो के अनुसार इंदौर से 30 नवंबर तक एवं मुंबई सेंट्रल से 29 नवंबर तक चलेगी।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन के तहत टीही-धार रेलखंड के कमीशनिंग की दिशा शीघ्रता से काम जारी है। शुक्रवार से छह नवंबर तक टीही एवं धार के मध्य नवनिर्मित बड़ी रेल लाइन का सिविल, विद्युतीकरण एवं सिग्नलिंग वर्क पूर्ण होने के उपरांत निरीक्षण एवं गति परीक्षण किया जाएगा।
इसी अवधि में रेल संरक्षा आयुक्त, पश्चिम परिमंडल, मुंबई द्वारा भी नवीन रेल लाइन का निरीक्षण एवं गति निरीक्षण किया जाएगा। पश्चिम रेलवे, रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार इस दौरान सुबह आठ से रात नौ बजे के बीच 130 किमी प्रति घंटे की गति से स्पीड ट्रायल भी किया जाएगा। उ
क्त अवधि में टीही–धार रेलखंड पर निरीक्षण एवं स्पीड ट्रायल के दौरान रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन तेज गति से किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- दीवाली और छठ पर यात्रियों को राहत, केरल-दिल्ली के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन; ग्वालियर में भी ठहराव