_20261029_213416_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दीपावली और छठ के दौरान रेल यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने केरल से दिल्ली के बीच अतिरिक्त ट्रेन चलाने की व्यवस्था की है। कोच्चुवेली से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली इस विशेष ट्रेन का लाभ ग्वालियर और झांसी के यात्रियों को भी मिलेगा।
दोनों दिशाओं में तीन-तीन दिन इसका संचालन किया जाएगा। इससे दक्षिण भारत की यात्रा करने वालों को नियमित ट्रेनों के अलावा एक और विकल्प मिल सकेगा।
तीसरे दिन पहुंचेगी ग्वालियर
गाड़ी संख्या 06073 कोच्चुवेली से दो, नौ और 16 नवंबर को दोपहर दो बजे रवाना होगी। सफर के तीसरे दिन शाम 4:35 बजे इसका ग्वालियर आगमन होगा। यहां से आगे बढ़ने के बाद ट्रेन रात 11:50 बजे हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर हाई कोर्ट ने पूर्व डीईओ को दी अंतरिम राहत, निलंबन आदेश पर लगाई रोक
दिल्ली से वापसी के लिए गाड़ी संख्या 06074 का संचालन पांच, 12 और 19 नवंबर को होगा। यह ट्रेन सुबह 5:45 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होकर सुबह 11:40 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। इसके बाद निर्धारित मार्ग से होते हुए शनिवार शाम 4:30 बजे कोच्चुवेली पहुंचेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में 18 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इनमें 10 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, छह वातानुकूलित तृतीय इकोनामी श्रेणी और दो जनरेटर कार शामिल हैं।
दक्षिण और मध्य भारत के कई शहर जुड़ेंगे
इस ट्रेन का ठहराव वर्कला शिवगिरी, कोल्लम, कायमकुलम, कोट्टयम, एरणाकुलम टाउन, तृश्शूर, पालक्काड, तिरुप्पूर, ईरोड, सेलम, काटपाडी, रेणिगुंटा, विजयवाड़ा, खम्मम, नागपुर, इटारसी, रानी कमलापति, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, आगरा छावनी और मथुरा में रहेगा। इन स्टेशनों के यात्रियों को केरल, दक्षिण भारत और दिल्ली के बीच यात्रा के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
यह भी पढ़ें- सिंधिया राजपरिवार संपत्ति विवाद: कोर्ट ने मामले की तारीख बढ़ाई; अब चार नवंबर को होगी सुनवाई