
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : कलेक्टर जनसुनवाई में मंगलवार को ढाई सौ से अधिक शिकायतें पहुंचीं। कलेक्टर शिवम वर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने आमजन की शिकायतें सुनी। सड़क निर्माण में लापरवाही, स्वामित्व अभिलेखों में जमीन का रकबा कम दर्ज होने और मंदिर की भूमि पर अतिक्रमण के मामले सामने आए। शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से समस्याओं का निराकरण कर संबंधित मामलों में कार्रवाई की मांग की।
टीसीएस चौराहे से ग्राम पालिया की ओर जाने वाले मार्ग का निर्माण अधूरा छोड़ने की शिकायत क्षेत्र की कालोनियों के रहवासियों ने की। ग्राम पुवार्डा जुनार्दा स्थित पैराडाइज ग्रांड, दुशिका इंपिरियल और हीरा रेसिडेंसी के रहवासियों के अनुसार सड़क निर्माण के लिए खुदाई करने के बाद काम लंबे समय से बंद है।
इससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। पैदल राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। रहवासियों ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को निर्देश देकर जल्द निर्माण पूरा कराने की मांग की।
ग्राम हिंगोनिया निवासी अर्जुन यादव ने स्वामित्व योजना के तहत तैयार अभिलेखों में प्लाट का क्षेत्रफल कम दर्ज होने की शिकायत की। आवेदन के मुताबिक, प्लाट क्रमांक 96 का रकबा 70 वर्गमीटर दर्ज है, जबकि मौके पर इसका क्षेत्रफल करीब 100 वर्गमीटर है। इस तरह अभिलेख और वास्तविक स्थिति में 30 वर्गमीटर का अंतर है। आवेदक ने मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता के तहत अभिलेखों में त्रुटि सुधार कर वास्तविक रकबा दर्ज करने की मांग की।
भैरव मंदिर बांक के पुजारी गोपाल पुजारी ने ग्राम बांक स्थित सर्वे नंबर 176 की मंदिर भूमि पर अतिक्रमण कर बड़े गोदाम और अन्य निर्माण करने का आरोप लगाया। उन्होंने आवेदन में कहा कि इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। पुजारी ने मंदिर की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।