इंदौर में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 क्रिकेट मैच : पंचम की फेल, एसजीएसआईटीएस और बाल विनय मंदिर में कर सकेंगे वाहन पार्क
होलकर स्टेडियम में रविवार को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 क्रिकेट मैच के लिए यातायात पुलिस ने पार्किंग और प्रवेश व्यवस्था तय की है। यह व्...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 11 Oct 2026 07:51:56 AM (IST)Updated Date: Sun, 11 Oct 2026 07:52:11 AM (IST)
मैच के दौरान पार्किंग व्यवस्था। -सौजन्यHighLights
- टी-20 क्रिकेट मैच के लिए यातायात पुलिस ने पार्किंग और प्रवेश व्यवस्था तय की है
- यह व्यवस्था दोपहर दो बजे से लेकर मैच समाप्ति तक प्रभावशील रहेगी
- कुछ प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। होलकर स्टेडियम में रविवार को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 क्रिकेट मैच के लिए यातायात पुलिस ने पार्किंग और प्रवेश व्यवस्था तय की है। यह व्यवस्था दोपहर दो बजे से लेकर मैच समाप्ति तक प्रभावशील रहेगी।
मैच देखने आने वाले दर्शकों के लिए वो जिस तरफ से आ रहे हैं उस हिसाब से अलग-अलग पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा आमंत्रित अतिथियों, मीडिया और प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों के लिए पार्किंग पास के आधार पर व्यवस्था की गई है।
यातायात पुलिस ने दर्शकों से स्टेडियम के आसपास वाहन खड़े करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और संभव हो तो सार्वजनिक लोक परिवहन साधनों से आने की अपील भी की है।
मैच के दौरान यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए कुछ प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। केवल निर्धारित पार्किंग पास वाले वाहनों और आपातकालीन वाहनों को छूट रहेगी। दर्शकों को असुविधा से बचने के लिए निर्धारित मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
पासधारी वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था
- पी-1 से पी-4: सांची पॉइंट से होते हुए स्टेडियम के उषाराजे गेट से प्रवेश।
- पी-5: इंदौर टेनिस क्लब रोड साइड पार्किंग।
- पी-6: अभय प्रशाल रोड साइड पार्किंग।
- पी-7: इंदौर टेनिस क्लब पार्किंग।
- पी-8: अभय प्रशाल पार्किंग।
- पी-9: पासधारी वाहन और मीडिया के दोपहिया वाहन बास्केटबॉल परिसर में।
- पी-10: पासधारी वाहन तथा प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के वाहन विवेकानंद स्कूल मैदान में।
पासधारी वाहन चालकों को पार्किंग पास वाहन की विंडस्क्रीन पर स्पष्ट रूप से चस्पा करना होगा। पास पर वाहन का पंजीयन नंबर अंकित होना भी अनिवार्य है। इन शर्तों का पालन नहीं करने वाले वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
दर्शकों के लिए तीन प्रमुख पार्किंग स्थल
- विजयनगर और मालवा मिल की ओर से आने वाले दर्शक: पंचम की फेल में वाहन खड़े करेंगे। यहां से स्टेडियम तक पैदल जाना होगा।
- राजवाड़ा और मरीमाता की ओर से आने वाले दर्शक: राजकुमार ब्रिज और एसजीएसआईटीएस तिराहे की ओर से निर्धारित मार्ग अपनाकर एसजीएसआईटीएस मैदान या बाल विनय मंदिर स्कूल मैदान में पार्किंग करेंगे।
- पलासिया और भंवरकुआं की ओर से आने वाले दर्शक: मधुमिलन, रीगल और शास्त्री ब्रिज के नीचे से निर्धारित मार्ग का उपयोग कर एसजीएसआईटीएस मैदान या बाल विनय मंदिर स्कूल मैदान में वाहन खड़े करेंगे।
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
- मैच के दौरान सामान्य वाहनों के लिए निम्न मार्ग बंद रहेंगे। पासधारी और आपातकालीन वाहनों को निर्धारित छूट रहेगी।
- लेटर्न चौराहे से जंजीरवाला चौराहे और इंडस्ट्रीज क्षेत्र तक।
- घंटाघर से जंजीरवाला चौराहे और लेटर्न चौराहे तक।
- पलासिया और घंटाघर से हाई कोर्ट होते हुए लेटर्न चौराहे तक।
पैदल प्रवेश और हेल्पलाइन
हुकुमचंद घंटाघर और पंचम की फैल की ओर से आने वाले दर्शकों को जंजीरवाला चौराहे से पैदल प्रवेश करना होगा। लेटर्न की ओर से आने वाले दर्शक भी पैदल स्टेडियम की तरफ पहुंच सकते हैं।
यातायात संबंधी समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर 7049107620 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा इंदौर ट्रैफिक साथी एप भी डाउनलोड किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबले के लिए तैयार इंदौर, एयरपोर्ट पहुंची दोनों टीमें, खिलाड़ियों को देखने के लिए उमड़ा हुजूम, देखें तस्वीरें