
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना के तहत टीही से धार के बीच नवनिर्मित रेलखंड पर विद्युतीकरण का काम पूरा हो गया है। रविवार शाम 25 हजार वोल्ट (25 केवी) एसी ओवरहेड लाइन को चार्ज कर उसमें विद्युत धारा प्रवाहित की गई। सोमवार को इस रेलखंड पर विद्युत इंजन से गति परीक्षण किया जाएगा।
टीही और धार के बीच नवनिर्मित बड़ी रेल लाइन का सिविल, विद्युतीकरण और सिग्नलिंग कार्य पूरा होने के बाद 30 अक्टूबर से छह नवंबर तक निरीक्षण एवं गति परीक्षण जारी है। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, सीआरएस निरीक्षण से पहले निर्माण विभाग सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे टीही स्टेशन से नवीन विद्युतीकृत लाइन पर स्पीड ट्रायल शुरू करेगा।
टीही से धार और धार से टीही के बीच अलग-अलग चरणों में विद्युत इंजन को विभिन्न गतियों से चलाकर परीक्षण किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पहले टीही से धार के बीच 30 किमी प्रति घंटे और धार से टीही के बीच 75 किमी प्रति घंटे की गति से परीक्षण होगा। इसके बाद टीही से धार के बीच 110 किमी प्रति घंटे और धार से टीही के बीच अधिकतम 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गति परीक्षण किया जाएगा।
टीही से धार के बीच विद्युतीकरण पूरा होने के बाद ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन में 25 हजार वोल्ट की उच्च विद्युत धारा प्रवाहित की गई है। यह लाइन अत्यंत खतरनाक है और इसके संपर्क में आने से जानलेवा दुर्घटना हो सकती है। रेलवे प्रशासन ने लोगों से विद्युत तारों, खंभों और अन्य उपकरणों से दूर रहने की अपील की है। रेलवे ट्रैक के आसपास कोई वस्तु, डंडा, पाइप या तार लेकर न जाएं और ओवरहेड लाइन के संपर्क में आने का प्रयास न करें।
रेलवे प्रशासन ने ग्रामीणों, किसानों, पशुपालकों और आम नागरिकों से परीक्षण के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने और रेलवे ट्रैक से पूरी तरह दूर रहने की अपील की है। लाइन पर पैदल चलने, बैठने, फोटो या वीडियो बनाने अथवा किसी अन्य कारण से ट्रैक के पास न जाएं। मवेशियों को भी रेलवे लाइन और उसके आसपास न जाने दें। रेलवे संपत्ति, रेल संचालन और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में प्रशासन का सहयोग करें।
यह भी पढ़ें- अच्छी खबर : इंदौर-दाहोद नई रेल परियोजना की तीन किमी लंबी टीही टनल में ट्रैक बिछाने का काम हुआ पूरा