
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : इंदौर-दाहोद नई रेल परियोजना को लेकर अच्छी खबर है। रेलवे ने टीही के आगे बन रही लगभग तीन किमी लंबी टनल (2957 मीटर) में बैलास्टलेस ट्रैक बिछाने का कार्य पूरा कर लिया है। टनल के अंदर रेलवे ने सुरक्षा को देखते हुए बैलास्टलेस ट्रैक (बीएलटी) बिछाया है।
अब टनल के अंदर करीब 15 से 20 दिन ट्रैक के कांक्रीट को सेट होने में लगेंगे। साथ ही 20 से 25 दिन में रेलवे टनल के बचे हुए कामों की फिनिशिंग भी पूरी कर लेगा। रेलखंड को शीघ्र पूरा कराकर कमिश्नर आफ रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) निरीक्षण की दिशा में आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। 27 या 28 अक्टूबर को सीआरएस होने की संभावना है।
पश्चिम रेलवे की इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना के तहत टीही से धार के बीच लगभग 47 किमी लंबे रेलखंड का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इसमें रेलवे लाइन, विद्युतीकरण (ओएचई), पुलों, अंडरपास, स्टेशनों, प्लेटफार्म एवं सर्कुलेटिंग एरिया सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का अधिकारियों ने निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने निर्माण कार्यों में पाई गई कमियों को शीघ्र दूर कर सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि समय पर सीआरएस निरीक्षण कराया जा सकें। वर्तमान में टनल के अंदर विद्युतीकरण, प्रकाश व्यवस्था तथा एग्जास्ट फैन लगाने सहित अन्य आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं।
टनल के दोनों छोर पर टीही एवं पीथमपुर की ओर रेलवे लाइन को जोड़ने के लिए फाउंडेशन संबंधी कार्य प्रगति पर हैं, जिन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। टनल के दोनों छोर तक ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) के पोल एवं कैंटिलीवर लगाने का कार्य भी पूरा कर लिया है। संपूर्ण टीही-धार रेलखंड का निर्माण कार्य अक्टूबर 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
टनल के अंदर ट्रैक बिछाने का काम पूरा हो गया है। टनल का बचा काम जल्द पूरा किया जाएगा। काम पूरा होने के बाद सीआरएस इंस्पेक्शन करवाया जाएगा। रेलवे के इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से मप्र व गुजरात के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। यात्रियों को रेल सुविधा मिलेगी। -मुकेश कुमार, जनसंपर्क अधिकारी, रेलवे
यह भी पढ़ें- इंदौर से धार तक जल्द दौड़ेगी ट्रेन, पश्चिम रेलवे के अधिकारियों ने किया संयुक्त निरीक्षण, अंतिम चरण में निर्माण कार्य