
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। संपत्ति और रुपयों के लालच में पिता और बहन की हत्या कर फरार हुआ हर्ष यादव लगातार पुलिस को चकमा दे रहा है। पुलिस की तीन टीमें दिल्ली और गुरुग्राम क्षेत्र में उसकी तलाश कर रही हैं, लेकिन आरोपित मोबाइल बंद कर गायब हो जाता है। वह बार-बार अपनी लोकेशन बदल रहा है, जिससे पुलिस को उसकी तलाश में परेशानी हो रही है।
एरोड्रम थाना क्षेत्र के कालानी नगर में हर्षिता यादव और गांधीनगर के अरिहंत नगर में राजू यादव की हत्या की गई थी। आरोपी हर्ष यादव, राजू का गोद लिया बेटा है। वह संपत्ति और रुपयों की मांग कर रहा था। राजू ने एक साल पहले ही 50 लाख रुपये में अशोक नगर का मकान बेचा था। उसने हर्ष को अलग कर दिया था और बेटी के साथ रह रहा था।
आरोपी ने अपने नाबालिग दोस्त के साथ मिलकर दोनों की हत्या की साजिश रची। उसने धारदार हथियार से राजू की हत्या की और शव हातोद क्षेत्र के एक नाले में फेंक दिया। वहीं, हर्षिता की घर में ही गला घोंटकर हत्या कर दी। डीसीपी के मुताबिक, हर्ष फ्लाइट से सीधे दिल्ली गया था। वह एनसीआर क्षेत्र में फरारी काट रहा है। उसके मोबाइल की लोकेशन बार-बार बदल जाती है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में 50 लाख के लिए पिता-बहन का कत्ल... 5 मिनट के CCTV में कैद वारदात, कमरे में गूंजीं बहन की चीखें
यह भी पढ़ें- इंदौर में फिल्मी स्टाइल में बाइक सवार बदमाशों ने भिंड के कांट्रेक्टर की गोली मारकर की हत्या