
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। कॉलोनाइजर मनीष गोधा के आफिस पर हुई फायरिंग की जांच अब लारेंस गैंग के नेटवर्क पर केंद्रित हो गई है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि करीब दस महीने पहले भी गोधा को लारेंस गैंग के हैंडलर हैरी बाक्सर से धमकी मिली थी। देवास के बिंजना निवासी राहुल राठौर उर्फ राहुल बाबा ने गोधा के घर, ऑफिस और मंदिर की रैकी कर उनके फोटो-वीडियो और लोकेशन हैरी बॉक्सर तक पहुंचाई थी।
गांधी नगर निवासी मनीष गोधा के गोधा एस्टेट स्थित ऑफिस पर गुरुवार रात स्कूटर सवार बदमाश गोलियां चलाकर फरार हो गया था। गांधी नगर थाने में दर्ज एफआईआर की जांच क्राइम ब्रांच की एसआईटी कर रही है। शुक्रवार को अधिकारियों ने बैठक कर पहले गिरफ्तार हो चुके बदमाशों का रिकॉर्ड खंगाला तो राहुल राठौर के बयान सामने आए।
पुलिस के मुताबिक, राहुल ने पहले मनीष गोधा की रैकी करने और उन पर हमले की साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार की थी। उसे यह जिम्मेदारी नागदा के राजपाल चंद्रावत ने दी थी। राजपाल का संपर्क हैरी बॉक्सर से तिहाड़ जेल में हुआ था। दोनों इंटरनेट कॉलिंग के जरिये बातचीत करते थे।
राहुल ने गोधा की गतिविधियों की जानकारी और फोटो-वीडियो हैरी तक पहुंचाए थे। जांच में यह भी सामने आया कि राहुल पांच करोड़ रुपये लेने भी गया था, लेकिन 40 मिनट इंतजार करने के बाद देवास लौट गया। फिरौती की एक किस्त दुबई के रास्ते भिजवाए जाने की जानकारी भी जांच में सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, राहुल की मुलाकात राजपाल चंद्रावत से नागदा में एक रैली के दौरान हुई थी। इसके बाद राजपाल ने उसे लारेंस गैंग के लिए काम करने का प्रस्ताव दिया। रेसकोर्स रोड निवासी बिल्डर विवेक दम्मानी की रैकी का जिम्मा भी राहुल को सौंपा गया था।
इसके लिए उसे 40 हजार रुपये दिए गए थे। कसरावद में हुए हमले के मामले में भी राहुल का नाम सामने आया था, जिसके बाद वह फरार हो गया था। बायो-काटन कारोबारी दिलीप राठौर पर हुए हमले में भी उसके साथियों की भूमिका बताई गई है।
पुलिस बिल्डर और कालेज संचालकों को धमकाने तथा उनकी रैकी के मामलों में गिरफ्तार कुछ आरोपितों के कथित तौर पर करणी सेना से जुड़े होने की जानकारी भी खंगाल रही है। कुछ लोगों का संगठन के पदाधिकारियों से विवाद होने की बात सामने आई है। पिछले सप्ताह लसूड़िया क्षेत्र के ट्रांसपोर्टर संजय भूरिया को भी रोहित गोदारा गैंग के नाम से धमकी मिली थी। इसमें एक व्यक्ति से उनकी कहासुनी के पहलू की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में रियल एस्टेट कारोबारी के ऑफिस पर फायरिंग, लॉरेंस गैंग पर शक
धमकियों, फायरिंग और अवैध वसूली की कोशिशों से कारोबारी चिंतित हैं। कई लोगों ने निजी सुरक्षाकर्मी बढ़ा दिए हैं, जबकि कुछ एहतियातन शहर से बाहर हैं। इससे पहले तुकोगंज के संजय जैन, निपानिया के रंजन मित्तल, एरोड्रम क्षेत्र के चेतन पंवार और रेसकोर्स रोड के विवेक दम्मानी को लारेंस गैंग के नाम से धमकियां मिल चुकी हैं।
ताजा मामले में ट्रांसपोर्टर संजय भूरिया से रोहित गोदारा के हैंडलर सागर सिंह शेखावत द्वारा 10 करोड़ रुपये मांगने की बात सामने आई है। उन्हें करीब 70 वाइस मैसेज भेजे गए। घर, परिवार और गाड़ियों के नंबर तक बताकर डराया गया।