
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता की जांच के लिए इंदौर को बड़ी सुविधा मिली है। इंदौर की संभागीय खाद्य एवं औषधि परीक्षण प्रयोगशाला को राष्ट्रीय परीक्षण और अंशशोधन प्रयोगशाला प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएल) से मान्यता मिलने के बाद अब भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआइ) ने भी अधिसूचित कर दिया है।
पांच नवंबर 2026 को मिली इस स्वीकृति के बाद प्रयोगशाला में खाद्य पदार्थों के नमूनों की विधिवत जांच की जा सकेगी। इससे इंदौर संभाग और आसपास के क्षेत्रों से लिए गए नमूनों की जांच स्थानीय स्तर पर हो सकेगी। साथ ही भोपाल स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला पर निर्भरता भी कम होगी। नईदुनिया लैब शुरू करने के मुद्दे को लगातार प्रमुखता से उठाता रहा है।
मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने 27 अक्टूबर 2025 को इस प्रयोगशाला का लोकार्पण किया था। इसके बाद से ही खाद्य पदार्थों की उच्चस्तरीय जांच शुरू करने के लिए आवश्यक मान्यता और अनुमतियां हासिल करने की प्रक्रिया चल रही थी। अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं विकसित करने के बाद एनएबीएल की टीम ने 14 और 15 फरवरी 2026 को प्रयोगशाला का निरीक्षण किया था।
एफएसएसएआई ने प्रयोगशाला को आठ प्रमुख श्रेणियों के खाद्य पदार्थों के परीक्षण की अनुमति दी है। इनमें दूध एवं दुग्ध उत्पाद, नमक, मसाले एवं स्वादवर्धक पदार्थ, अनाज एवं अनाज उत्पाद, विविध खाद्य पदार्थ, पेय पदार्थ, तेल एवं वसा तथा चाय, काफी शामिल हैं।
प्रयोगशाला में खाद्य पदार्थों की सूक्ष्म और सटीक जांच के लिए आधुनिक उपकरण उपलब्ध हैं। इनमें परमाणु अवशोषण स्पेक्ट्रोमीटर, सूक्ष्मतरंग पाचन यंत्र, वसा एवं प्रोटीन विश्लेषक, डिजिटल ब्यूटिरो अपवर्तनमापी, अपकेंद्रित्र, विश्लेषणात्मक तुला, मफल भट्ठी, पीएच मापक और गलनांक मापक यंत्र प्रमुख हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर में दीवाली पर मिठाई-मावे की होगी जांच, मिलावट मिली तो बंद होगा कारोबार, कलेक्टर ने जारी किए आदेश
यह भी पढ़ें- इंदौर में मुख्यमंत्री ने सात महीने पहले किया था फूड टेस्टिंग लैब का लोकार्पण, अब तक शुरू नहीं हुई जांच