
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर में गैस सिलिंडरों के अवैध भंडारण और कालाबाजारी को रोकने के लिए टीमों का गठन किया गया है। अवैध भंडारण की सूचना पर खाद्य विभाग की टीम ने न्यू लोहा मंडी स्थित गोदाम में दबिश दी। यहां से 66 गैस सिलिंडर सहित गैस रिफिलिंग में उपयोग होने वाली मोटर और एक बुलेट गाड़ी जब्त की। गोदाम को भी सील किया गया है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की टीम ने बड़ी छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध गैस गोदाम पर कार्रवाई की।
जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू के मार्गदर्शन में गठित दल द्वारा सुबह करीब 6 बजे से निरीक्षण एवं छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान न्यू लोहा मंडी क्षेत्र में हरिओम गुप्ता के अवैध गैस गोदाम पर छापा मारा गया। छापे में 24 व्यावसायिक गैस सिलिंडर और 42 घरेलू गैस सिलिंडर सहित 66 सिलिंडर बरामद किए गए। इसके अलावा गैस रिफिलिंग में प्रयुक्त तीन इलेक्ट्रिक मोटर तथा दो तौल कांटे भी मौके से जब्त किए गए।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि बड़े पैमाने पर गैस सिलिंडरों को लाने-ले जाने और रिफिलिंग के कार्य में बुलेट मोटरसाइकिल का उपयोग किया जा रहा था। टीम ने उक्त बुलेट गाड़ी को भी जब्त कर लिया। छापे के समय आरोपी मौके से फरार हो गया। दल द्वारा गोदाम में रखे समस्त सिलिंडर और उपकरण जब्त करते हुए अवैध भंडारण स्थल को सील कर दिया गया है। इस कार्रवाई में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अंकुर गुप्ता, सुचित्रा दुबे और अजय अस्थाना सहित अन्य मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- मढ़ई के लग्जरी रिसॉर्ट में 'वाइल्ड लाइफ' क्राइम... चीतल के सींग और सांप की कांचुली जब्त, संचालक पर केस