
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : पिछले वर्ष जहां अक्टूबर में इंदौर देश के मैदानी इलाकों के सबसे ठंडे शहरों में शुमार था और न्यूनतम तापमान गिरकर 14 डिग्री तक पहुंचा था, वहीं इस बार न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आसपास बना हुआ है। वहीं इसके उलट इस बार अक्टूबर में शहरवासियों को गर्मी सता रही है।
इंदौर में बीते तीन दिनों से पारा 36 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है। 11 साल बाद अक्टूबर के पहले सप्ताह में पारा 36 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा है। इंदौर में बीते तीन दिनों से तापमान का उच्च स्तर बना हुआ है। गुरुवार को शहर में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा।
गौरतलब है कि इंदौर में 20 अक्टूबर 2018 को अक्टूबर में उच्चतम अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया गया था। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में बादल न होने के कारण दिन में आ रही धूप पारा बढ़ा रही है। वहीं अभी हवाओं का रुख भी उत्तर पश्चिमी बना हुआ है।
ऐसे में अगले पांच से छह दिन तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। इसके बाद हवाओं का रुख उत्तरी व उत्तरी पूर्वी होने पर दिन के तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी। इंदौर शहर के अलावा संभाग के अन्य जिलों में भी पारा बढ़ा हुआ है। गुरुवार को इंदौर संभाग में इंदौर के साथ रतलाम, उज्जैन व धार में भी पारा 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
| दिनांक | अधिकतम तापमान |
| 4 अक्टूबर | 35.8 |
| 5 अक्टूबर | 35.3 |
| 6 अक्टूबर | 36.2 |
| 7 अक्टूबर | 36.3 |
| 8 अक्टूबर | 36.5 |
नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में
नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में
यह भी पढ़ें- MP Weather Update: जबलपुर-रीवा समेत 12 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, किसानों के लिए चेतावनी जारी