
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। ट्रेडिंग और निवेश की रकम दोगुनी करने का लालच देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले नितिन जोशी और उसकी पत्नी परागिता की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पुलिस जांच में ठगी की रकम करीब 15 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
अब तक 65 से अधिक पीड़ित शिकायत लेकर सामने आ चुके हैं। पुलिस को आरोपित दंपती के 28 बैंक खातों की जानकारी मिली, लेकिन ज्यादातर खाते खाली मिले हैं। कुछ खातों में तो निगेटिव बैलेंस है। घर की तलाशी के दौरान पूजा घर से केवल 13 हजार 700 रुपये मिले।
एडिशनल डीसीपी (अपराध) राजेश दंडोतिया के अनुसार नितिन और परागिता को गिरफ्तार करने के बाद से लगातार नए पीड़ित सामने आ रहे हैं। नितिन पुजारियों और ज्योतिषियों को पूजा-पाठ और अनुष्ठान के लिए घर बुलाता था। इसी दौरान उनसे परिचय बढ़ाकर निवेश और रकम दोगुनी करने का लालच देता था। भरोसा जीतने के बाद वह उनसे रुपये ले लेता था। गिरफ्तारी की जानकारी मिलने पर कई पीड़ित पुलिस के पास पहुंचे और अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।
पूछताछ में नितिन ने पुलिस को बताया कि वह चेन सिस्टम के तहत काम कर रहा था। एक व्यक्ति से रकम लेकर दूसरे निवेशक को मुनाफे के साथ रुपये लौटाता था। जिन लोगों ने शिकायत की है, उनमें से कुछ को नितिन पहले लाखों रुपये का मुनाफा भी दे चुका है। पुलिस अब आरोपित और आवेदकों के बैंक खातों का मिलान कर रही है। वित्तीय लेन-देन की जांच के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की मदद भी ली जा रही है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में फर्जी ज्वैलरी दुकान खोलकर 50 लाख की ठगी, पैसे लाने के नाम पर पीछे के दरवाजे से सोना लेकर फरार; 3 गिरफ्तार
जांच में यह बात भी सामने आई है कि नितिन साड़ी का कारोबार शुरू करने की योजना बना रहा था। वह लोगों से रकम लेकर सस्ते दामों पर साड़ियां खरीदता और कमीशन के जरिये कमाई कर निवेशकों को मुनाफा लौटाने की योजना बना रहा था। पुलिस के अनुसार वह ब्याज और भुगतान के दबाव में उलझता चला गया। फिलहाल दंपती पुलिस रिमांड पर है और उनसे पूछताछ जारी है।
यह भी पढ़ें- इंदौर का 8 करोड़ गबन कांड फिर खुला, 3 साल बाद 35 नए आरोपी रडार पर, रिश्तेदारों तक पहुंची जांच