
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर की चंदन नगर पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में शराब ठेकेदार सिद्धार्थ उर्फ बंटी यादव को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह लग्जरी बसों और ट्रकों के माध्यम से ठेके की आड़ में गुजरात शराब भेज रहा था। बंटी पूर्व पार्षद बंते यादव का बेटा है।
पुलिस ने पिछले दिनों सागर सालट, सुनील वसूनिया और रतन प्रजापत को गुजरात जाने वाली बस से शराब की पेटियां ले जाते पकड़ा था। पूछताछ में पता चला कि शराब कंचनबाग स्थित दुकान से लाई गई थी। दुकान का लाइसेंस आदित्य शिवहरे के नाम पर है, जबकि संचालन बंटी यादव करता है। पुलिस ने मैनेजर विनोद और अजीत सिंह को भी गिरफ्तार किया। दोनों ने पूछताछ में बंटी की भूमिका बताई।
गिरफ्तारी के डर से बंटी फरार हो गया था और उसने अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई थी। पुलिस ने जमानत का विरोध किया। इस बीच उसकी लोकेशन राजस्थान और हरियाणा में मिली। शुक्रवार को जिला कोर्ट में सरेंडर की सूचना पर पुलिस ने तुकोगंज क्षेत्र के लैंटर्न चौराहे से उसे पकड़ लिया। टीआई वेदेंद्र सिंह कुशवाह के अनुसार, बंटी गिरफ्तारी से बचने के लिए गाड़ियां बदल रहा था।
यह भी पढ़ें- गुजरात शराब तस्करी कांड: पूर्व पार्षद के बेटे सिद्धार्थ उर्फ बंटी की तलाश तेज, इनाम घोषित करने की तैयारी
कनाड़िया पुलिस बायपास से 55 लाख रुपये की शराब जब्त करने के मामले में भी बंटी की भूमिका जांच रही है। शराब ट्रक से गुजरात भेजी जा रही थी। एक आरोपित ने पूछताछ में बंटी का नाम लिया था। टीआई तिलक करोले ने उसे नोटिस जारी किया है।
यह भी पढ़ें- खातेगांव TI हत्याकांड: शराब सिंडिकेट के मोहिन की ब्रेन हेमरेज से मौत, आरोपी मनीष बड़ौदा से गिरफ्तार