
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। लवकुश चौराहे पर डबल डेकर फ्लाईओवर तैयार होने के बावजूद आमजन को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। दूसरी भुजा बने करीब एक माह हो चुका है, लेकिन उस पर यातायात शुरू नहीं हुआ। 28 अक्टूबर को उद्घाटन प्रस्तावित था, लेकिन कार्यक्रम स्थगित होने के बाद से लोग इसके लोकार्पण का इंतजार कर रहे हैं।
इस देरी के कारण रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ रहा है। फ्लाईओवर की एक भुजा मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव पहले ही परीक्षण के तौर पर शुरू कर चुके हैं। लवकुश चौराहा शहर के व्यस्ततम चौराहों में शामिल है। यहां से उज्जैन और सांवेर रोड की ओर बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं।
दूसरी भुजा शुरू नहीं होने से पूरा यातायात अब भी नीचे के मार्गों से गुजर रहा है। वहीं, फ्लाईओवर के नीचे सर्विस रोड का निर्माण जारी है, जिससे वाहनों को संकरे रास्ते से निकलना पड़ता है। सुबह और शाम के व्यस्त समय में जाम लगता है। सांवेर रोड की दर्जनों कालोनियों के रहवासियों और उज्जैन जाने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी हो रही है।
करीब 173 करोड़ रुपये की लागत से बने इस फ्लाईओवर का निर्माण साढ़े तीन साल से अधिक समय तक चला। निर्माण के दौरान वाहन चालकों को लंबे समय तक दिक्कतें झेलनी पड़ीं। अब दूसरी भुजा चालू नहीं होने से लोगों को राहत नहीं मिली है। इसके शुरू होने पर वाहनों का दबाव ऊपर जाएगा और चौराहे पर यातायात का दबाव कम होने के साथ जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- इंदौर को जाम से मिलेगी राहत, लवकुश चौराहा फ्लाईओवर का एक लेन वाहनों के लिए खुलेगा, हजारों चालकों का बचेगा समय
वाहनों के दबाव के कारण सर्विस रोड का निर्माण भी प्रभावित हो रहा है। दूसरी ओर, एमआर-10 बायपास पर बने फ्लाईओवर को निर्माण पूरा होते ही बिना औपचारिक उद्घाटन के यातायात के लिए खोल दिया गया था। इससे वहां आवागमन सुगम हुआ और जाम से राहत मिली। लवकुश फ्लाईओवर की दूसरी भुजा अब भी आमजन के उपयोग के लिए नहीं खोली गई है।
यह भी पढ़ें- इंदौर को मिली बड़ी सौगात, लवकुश चौराहे पर प्रदेश के पहले डबल लेयर फ्लाईओवर की पहली लेन शुरू, जाम से मिलेगी मुक्ति
डबल डेकर फ्लाईओवर की एक भुजा से यातायात शुरू है, दूसरी का लोकार्पण भी जल्द होगा। मुख्यमंत्रीजी से इसको लेकर चर्चा हो चुकी है। फ्लाईओवर की सर्विस रोड भी बनवाई जाएगी, जनता की सुविधाओं में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी। - तुसली सिलावट, जल संसाधन मंत्री