
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। गुरुवार को लवकुश चौराहे पर इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा बनाए गए डबल लेयर फ्लाईओवर की एक भुजा का लोकार्पण मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया। ऐसे में अब उज्जैन की ओर से मरीमाता की ओर जाने वाले वाहनों को इस चौराहे के ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने से निजात मिलेगी।
आगामी कुछ माह में फ्लाईओवर की दूसरी भुजा भी तैयार होगी। इसके बनने के बाद इस ब्रिज से वाहन चालक निर्बाध आ-जा सकेंगे। आधुनिक तकनीक और उन्नत इंजीनियरिंग से निर्मित प्रदेश के पहले डबल लेयर फ्लाईओवर ब्रिज की एक भुजा के लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर और विकास एक दूसरे के पर्याय हैं।
2028 के सिंहस्थ में यह फ्लाईओवर इंदौर-उज्जैन मार्ग पर बढ़ते यातायात के सुगम संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से यात्रा समय में कमी, ईंधन की बचत, यातायात जाम में राहत तथा नागरिकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। इस मौके पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक गोलू शुक्ला व रमेश मेंदोला सहित अन्य जनप्रतिनिधि व आम लोग भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज इंदौर के लवकुश चौराहे पर निर्मित लेवल 2 फ्लाईओवर की पहली लेन का लोकार्पण किया।
आधुनिक तकनीक से निर्मित यह फ्लाईओवर शहर की कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था को नई गति देगा।@DrMohanYadav51 @mpurbandeptt #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh pic.twitter.com/W86mbmSmqd
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) July 23, 2026
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू करने पर की जा रही प्रदेश सरकार की पहल पर गुरुवार को इंदौर एयरपोर्ट पर विभिन्न धर्म और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से इंदौर एयरपोर्ट पर मिलकर आभार व्यक्त किया। सभी सदस्यों ने उनसे कहा कि समाज का यह विश्वास और सहयोग प्रदेश के समावेशी विकास तथा सामाजिक सौहार्द को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।
वहीं मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस दौरान शहीद चंद्रशेखर आजाद के बलिदान को याद करते हुए कहा कि आजाद ने ऐसे भारत की कल्पना की थी, जहां सभी नागरिकों को समान अवसर मिलें और सभी के लिए समान कानून हो। विधानसभा में समान नागरिक संहिता विधेयक पारित होने पर आज विभिन्न धर्मों के नागरिकों ने मेरा अभिनंदन किया। यह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि देश और प्रदेश की जनता समान कानून की भावना का समर्थन करती है।