
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। आजाद नगर क्षेत्र में सिग्नेचर हाइट्स के सामने खाली प्लाट में मिले जले हुए शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। आजाद नगर पुलिस ने लापता ई-रिक्शा चालक विनय की हत्या के मामले में उसके दोस्त और रिक्शा चालक अजय कपारिया को गिरफ्तार किया है। अजय गरीब नवाज कालोनी में रहता है। उसे शक था कि विनय उर्फ हरिओम उसकी पत्नी से बात करता है।
इसी शक में उसने विनय की हत्या कर दी। शनिवार रात वह जैकेट दिलाने के बहाने विनय को मामा के घर साउथ तोड़ा ले गया और गांजा पिलाया। इसके बाद टीवी की आवाज तेज कर उसका गला घोंट दिया। आरोपित के निशाने पर एक अन्य युवक नानकू भी था। अजय उसे भी मारने की तैयारी कर रहा था।
डीसीपी जोन-1 नरेंद्रसिंह रावत के अनुसार, श्रेयांश नगर (छोटा बांगड़दा) निवासी 22 वर्षीय विनय भी ई-रिक्शा चलाता था। अजय ने पूछताछ में बताया कि उसने विनय को अपनी पत्नी से बातचीत करते हुए देख लिया था। 21 नवंबर को वह जैकेट दिलाने के बहाने विनय को घर से साउथ तोड़ा ले गया। वहां दोनों ने नशीले पदार्थ गांजे का सेवन किया।
शाम सात बजे जैसे ही विनय की आंखें बंद होने लगीं, अजय ने उसका गला घोंट दिया। मरने के बाद भी उसने विनय की गर्दन पर पैर रखा और कंबल से गला कस दिया। रात करीब आठ बजे मामा के आने से पहले अजय ने विनय को रिक्शा में डाल दिया। घर में रखे पुराने कपड़े, गुदड़ी, रजाई और गद्दे भी रिक्शा में रख लिए।
इसके बाद वह सपना संगीता रोड, नौलखा, आइटी पार्क और नेमावर रोड होते हुए घूमता रहा। रात करीब पौने दस बजे वह आरई-2 पहुंचा। वहां सुनसान जगह देखकर शव कचरे के ढेर पर डाल दिया और घर से लाए कपड़ों में दबाकर आग लगा दी। इसके बाद रास्ता बदलकर फरार हो गया।
दूसरे दिन विनय के पिता जगदीश सोलंकी ने अजय से पूछा तो उसने कहा कि वह विनय को रात में ही छोड़ आया था। अजय खुद विनय के स्वजन के साथ एरोड्रम थाने गया और रिपोर्ट लिखने के लिए कहा। पुलिसकर्मियों ने अपहरण की रिपोर्ट लिखने से इनकार कर दिया। इसके बाद स्वजन अपने स्तर पर विनय की तलाश करते रहे।
मंगलवार को शव की शिनाख्त होने पर अफसरों ने फटकार लगाकर कायमी करवाई। घटना की शुरुआत एरोड्रम इलाके से हुई थी। जांच भी एरोड्रम थाना को सौंपी जा रही है। अजय ने बताया कि वह इसके बाद दोस्त नानकू को मारने वाला था। उसे भी पत्नी से बातचीत करने का शक था। नानकू बाहर चला गया, जिससे उसकी जान बच गई।
टीआइ लोकेशसिंह भदौरिया के मुताबिक, विनय के सिर से पोस्टमार्टम के दौरान मेडिकल प्लेट मिली थी। उस पर अंकित यूनिक सीरियल नंबर से पुलिस ने गुजरात की निर्माता कंपनी से संपर्क किया और अरविंदो अस्पताल तक पहुंची।
डॉक्टर ने बताया कि पिछले साल विनय का ऑपरेशन किया था। इससे उसकी शिनाख्त हुई और स्वजन को शव दिखाया गया। विनय की बहन ने बताया कि उसकी शादी हो चुकी थी। उसने गर्दन के पास पत्नी के नाम का टैटू बनवाया था। तलाक होने के कारण उसने टैटू पर बाज का टैटू बनवा लिया था।
यह भी पढ़ें- इंदौर में कचरे में ढेर में मिला था जला शव, सिर में लगी सर्जिकल प्लेट के सीरियल नंबर से हुई पहचान