
मुकेश मंगल, नईदुनिया इंदौर। पुलिस ने पहेली बन चुके एक शव (जला हुआ) की सर्जिकल प्लेट की मदद से पहचान कर ली। चेहरा और शरीर बुरी तरह जलने के कारण उसकी पहचान करना मुश्किल हो चुका था। पोस्टमार्टम के दौरान सिर से सर्जिकल प्लेट निकली और उसके सीरियल नंबर ने गुत्थी को सुलझा दी। युवक तीन दिन से लापता था और उसकी हत्या कर शव फेंका गया था। तीन दोस्तों को हिरासत में भी ले लिया गया है।
आजाद नगर पुलिस को सिग्नेचर हाइट के समीप कचरे के ढेर में एक युवक का जला हुआ शव मिला था। शुरुआती जांच में उसकी पहचान नहीं हो सकी। पोस्टमार्टम के दौरान डाक्टरों को युवक के सिर में सर्जिकल प्लेट लगी मिली। एआई की मदद से प्लेट के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि यह सर्जिकल प्लेट है। टीआई लोकेश सिंह भदौरिया ने प्लेट पर अंकित सीरियल नंबर के आधार पर उसकी सप्लाई से जुड़ी जानकारी निकाल ली।
पुलिस ने बड़ौदा (गुजरात) स्थित संबंधित कंपनी से संपर्क किया। कंपनी ने इंदौर और भोपाल के डिस्ट्रीब्यूटरों का डेटा उपलब्ध कराया। डिस्ट्रीब्यूटर से अस्पतालों की सूची मिली, जिसमें अरविंदो अस्पताल का नाम भी शामिल था। पुलिस ने वहां के डॉक्टरों से संपर्क किया तो पता चला कि वर्ष 2025 में विनय सोलंकी नामक युवक के सिर का ऑपरेशन कर उसमें सर्जिकल प्लेट लगाई गई थी। इस जानकारी के आधार पर पुलिस छोटा बांगड़दा स्थित विनय के घर पहुंची और परिजनों से संपर्क किया।
स्वजन ने शव मिलने की जानकारी सुनकर हैरानी जताई। उन्होंने पुलिस को बताया कि विनय ई-रिक्शा चलाता था। 21 नवंबर की रात करीब 10 बजे घर से निकला था और लौटा नहीं। स्वजन ने उसके कुछ दोस्तों पर संदेह जताया। पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए संदेही फिलहाल हत्या करना स्वीकार नहीं कर रहे हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। एरोड्रम थाने में जगदीश सोलंकी (पिता) ने गुमशुदगी दर्ज करवाई है।
यह भी पढ़ें- इंदौर दोहरा हत्याकांड: 5 महीने पहले रची थी पिता और बहन की हत्या की साजिश, पुलिस खंगाल रही लोकेशन
एसीपी रवींद्र बिलवाल के अनुसार विनय की गर्दन के पास बाज का टैटू बना था। मंगलवार को उसकी बहन ने बताया कि विनय ने प्रेम विवाह किया था। सीने पर पत्नी का नाम लिखवाया था। उससे तलाक हो गया और विनय ने नाम छुपाने के लिए उसके ऊपर बाज का टैटू बनवा लिया। इसके बाद विनय एक अन्य लड़की के संपर्क में आया लेकिन वह भी चली गई।
यह भी पढ़ें- इंदौर में युवक की हत्या कर कचरे के ढेर में जलाया शव, बदबू आने पर मचा हड़कंप; जांच में जुटी पुलिस