
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। प्रभारी महापौर राजेंद्र राठौर ने सोमवार को मास्टर प्लान की निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़कों का काम समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों से अपील की कि वे अपने बाधक निर्माण स्वयं ही हटा लें ताकि निर्माण तेजी से हो सके।
राठौर ने एयरपोर्ट रोड से छोटा बांगड़दा होते हुए एमआर-5 तक बनने वाली 2.4 किमी लंबी सड़क से दौरा शुरू किया। वे कंडिलपुरा रोड की 550 मीटर लंबी सड़क को देखने भी पहुंचे। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, सड़क की निर्धारित चौड़ाई एवं मौके पर किए जा रहे अन्य विकास कार्यों की जानकारी ली।
सुभाष मार्ग से इंदौर वायर चौराहा तक निर्माणाधीन सड़क की निर्धारित चौड़ाई में आने वाले बाधक निर्माणों को संबंधितों द्वारा स्वयं हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि सड़क निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और कार्य समय पर पूरा किया जा सके। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर भी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- रतलाम-इंदौर के रेल यात्रियों को बड़ी राहत, पश्चिम रेलवे ने 10 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाए, देखें पूरा शेड्यूल