Indore Mayor Election Result 2022: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। अंतत: इंदौर की प्रतीक्षा पूरी हुई। इंदौर शहर ने अपने नए मित्र अर्थात महापौर के रूप में भारतीय जनता पार्टी के पुष्यमित्र भार्गव को चुन लिया। करीब दो वर्ष तक प्रतिनिधियों की उपस्थिति के बिना और प्रशासक के भरोसे चली नगर निगम परिषद को अब नया नेतृत्व मिल गया है। स्वच्छता में देश में पांच बार अव्वल आने के बाद जिस इंदौर के नगर निगम पर देश की नजर थी, उसमें भाजपा को स्पष्ट बहुमत प्राप्त हुआ। जनता ने बिना किसी असमंजस के, फिर से नगर सरकार की सत्ता पर भाजपा को बैठा दिया। भाजपा के प्रत्याशी बने पुष्यमित्र भार्गव ने जोरदार जीत हासिल की है।
उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला को एक लाख 33 हजार 497 मतों के अंतर से हराया। डाक मतपत्रों में से भी भार्गव को 1337 तो शुक्ला को 797 मत मिले। ईवीएम और डाक मतपत्रों के मतों की गणना के अनुसार भाजपा प्रत्याशी को पांच लाख 93 हजार 856 और कांग्रेस प्रत्याशी को चार लाख 60 हजार 359 मत मिले। तीसरे नंबर पर आप प्रत्याशी कमल गुप्ता रहे, जिन्हें 9152 वोट मिले, जबकि नोटा में 6048 मत पड़े। भार्गव ने हर राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी से बढ़त बनाई। केवल अंतिम और 32वां राउंड ही ऐसा रहा, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी शुक्ला ने 126 मत की बढ़त ली, पर तब तक भार्गव मतों का पहाड़ खड़ा कर चुके थे। इसके आगे शुक्ला की बढ़त बहुत बौनी थी।
इंदौर का हर स्वप्न पूरा करने का प्रयास करूंगा
आभार इंदौर!! मुझ अकिंचन को अपार आशीर्वाद देने के लिए कृतज्ञ हूं। विश्वास दिलाता हूं कि इंदौर के हर स्वप्न को पूरा करने हेतु संकल्पबद्ध होकर कार्य करता रहूंगा। स्वर्णिम, समृद्ध, स्वच्छ और शिक्षित इंदौर के लक्ष्य को हासिल करना ही मेरी पहली प्राथमिकता होगी। - पुष्यमित्र भार्गव, नवनिर्वाचित महापौर
शायद प्रयासों में कुछ कमी रह गई, जनता का आभार
शायद हमारे प्रयासों में कुछ कमी रह गईं होगी, मगर जनता ने भरपूर प्यार दिया। यही मेरी सबसे बड़ी ताकत साबित हुई। जनता का निर्णय स्वीकार है। चुनाव में प्रशासन ने सत्ताधारी दल का साथ दिया। बहरहाल, मैं इंदौर की जनता व कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता के साथ खड़ा रहूंगा। - संजय शुक्ला, महापौर प्रत्याशी, कांग्रेस
ऐतिहासिक जीत, जनता की कसौटी पर खरे उतरेंगे
नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक जीत मिली है। जनता को विश्वास दिलाता हूं कि जनादेश की कसौटी पर भाजपा सरकार खरी उतरने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। जनता का विश्वास खंडित नहीं होने देंगे। जिन कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत की है, उन्हें बधाई। - शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री
हमारे तीन महापौर बने, यह भरोसा टूटने नहीं देंगे
ग्वालियर, छिंदवाड़ा, जबलपुर में महापौर प्रत्याशियों की जीत पर हम जनादेश का सम्मान करते हैं। मतदाताओं ने समर्थन देकर कांग्रेस पर विश्वास जताया है, जिसे हम टूटने नहीं देंगे। भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग कर चुनाव लड़ा, फिर भी हमें जनता का समर्थन मिला। - कमल नाथ, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष
5 कारण जीत के
1 - इंदौर भाजपा का परंपरागत वोट बैंक है। पुष्यमित्र भार्गव को इसका फायदा मिल
2 - मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रचार के अंतिम दिन इंदौर में रोड शो कर माहौल बना दिया।
3 - पुष्यमित्र भार्गव स्वयं मृदुभाषी और बेदाग छवि के हैं, जिसने मतदाताओं को आकर्षित किया।
4 - कांग्रेस केवल एक चेहरे कर केंद्रित रही। पार्टी से अन्य कोई स्टार प्रचारक मतदाताओं के बीच पहुंचे ही नहीं।
5 - चुनाव प्रचार के दौरान उदयपुर कांड के बाद स्थानीय मुद्दों पर राष्ट्रीय मुद्दा हावी हुआ और मतों का ध्रुवीकरण हुआ।
जो थे दावेदार, वे रहे जीत के 'शिल्पकार'
महापौर उम्मीदवार के लिए विधायक रमेश मेंदोला का नाम सबसे आगे था, लेकिन संगठन ने एक व्यक्ति-एक पद की गाइडलाइन अपनाते हुए मेंदोला को टिकट नहीं दिया और उन्हें चुनाव संचालन की जिम्मेदारी दे दी। पुष्यमित्र भार्गव की जीत में उनकी भूमिका मायने रखती है। दो नंबर विधानसभा से तगड़ी लीड के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भी 30 से ज्यादा वार्डों में रोड शो किए और चुनावी सभाएं लीं। भाजपा जिन वार्डों को कमजोर मान रही थी, विजयवर्गीय ने उन वार्डों को भी रोड शो के लिए चुना। जिसका असर यह रहा कि भाजपा उम्मीदवार उनमें से ज्यादातर वार्डों में किनारे पर चुनाव जीत गए।
मधु वर्मा भी टिकट के दावेदार थे, लेकिन उन्होंने भी पुष्यमित्र के लिए मेहनत की। गौरव रणदिवे ने संगठन स्तर पर कसावट रखी और बूथ प्रबंधन की रणनीति को कमजोर नहीं पड़ने दिया। सांसद शंकर लालवानी ने भी जातिगत समीकरणों पर ध्यान दिया व समाजों को संगठन से जोड़ा। एक नंबर विधानसभा में पिछला विस चुनाव हारे सुदर्शन गुप्ता की मेहनत भी इस बार रंग लाई। एक नंबर विस में भाजपा उम्मीदवार को अच्छी बढ़त मिली।
जहां गए शिवराज, वहां लाभ
चुनाव प्रचार के अंतिम दिनों में भाजपा ने मुख्यमंत्री का रोड शो किया था। सीएम ने पंचम की फेल से रोड शो शुरू किया। वह वार्ड भाजपा ने जीत लिया। वे परदेशीपुरा, पाटनीपुरा होते हुए आइटीआइ रोड पहुंचे। इनमें से परदेशीपुरा और पाटनीपुरा भाजपा ने जीत लिए। भमोरी, विजयनगर, राहुल गांधी नगर, निपानिया, बांबे अस्पताल चौराहा, बंगाली चौराहा, पिपलियाहाना, मूसाखेड़ी में भी सीएम पहुंचे थे। इन क्षेत्रों से जुड़े वार्ड भी भाजपा की झोली में आए। गांधी नगर में भी यही हुआ।
Koo Appइंदौर से श्री पुष्यमित्र भार्गव, भोपाल से श्रीमती मालती राय, खंडवा से श्रीमती अमृता यादव, बुरहानपुर से श्रीमती माधुरी पटेल, उज्जैन से श्री मुकेश टटवाल, सतना से श्री योगेश ताम्रकार, सागर से श्रीमती संगीता तिवारी के महापौर चुनाव में विजयी होने पर बधाई एवं भाजपा के देव दुर्लभ कार्यकर्ताओं और जनता जनार्दन का आभार🙏- Kailash Vijayvargiya (@KailashOnline) 17 July 2022
Koo App