
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर शहर में मोबाइल चोरी करने वाला एक ऐसा गिरोह सक्रिय है, जो वारदात के लिए नाबालिगों का इस्तेमाल कर रहा है। गिरोह के निशाने पर ज्यादातर अधेड़ उम्र के लोग होते हैं। भीड़भाड़ वाले बाजारों, दुकानों और रेस्टोरेंट में सक्रिय इस गिरोह का तरीका भी कुछ अलग है। इसके सदस्य उन लोगों पर नजर रखते हैं, जो यूपीआई से भुगतान करते हैं। चोरी के तत्काल बाद यूपीआई से रुपये भी निकाल लिए जाते हैं।
क्राइम ब्रांच और थानों में दस से ज्यादा घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक गिरोह के किशोर सदस्य दुकानों और रेस्टोरेंट में ग्राहकों की गतिविधियों पर नजर रखते हैं। जैसे ही कोई ग्राहक मोबाइल से भुगतान करने के बाद फोन वापस जेब में रखता है, किशोर उसका पीछा शुरू कर देते हैं। ग्राहक आगे किसी दुकान पर खरीदारी के लिए रुकता है या भीड़ में उलझता है, तो मौका देखकर उसका मोबाइल पार कर दिया जाता है।
खास बात यह है कि किशोर प्रशिक्षित हैं और उनके पीछे गैंग का सदस्य रहता है जो मोबाइल हाथ लगते ही गाड़ी से लेकर भाग जाता है। मोबाइल चोरी होने के बाद गिरोह के सदस्य उससे रुपये भी निकाल लेते हैं। आशंका है कि फोन में मौजूद यूपीआई और अन्य डिजिटल भुगतान से जुड़ी जानकारियों का इस्तेमाल किया जाता है।
जांच में शामिल अफसरों के अनुसार ग्राहक या तो मोबाइल लॉक करना भूल जाता है या बदमाश पिन नंबर देख लेते हैं। क्राइम ब्रांच और अलग-अलग थानों में इस तरह की दस से ज्यादा शिकायतें और केस सामने आ चुके हैं। पुलिस गिरोह के सदस्यों और उनके वारदात करने के तरीके की जांच कर रही है।
रविवार को हुए पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के कान्सर्ट में 200 से ज्यादा मोबाइल चोरी की आशंका है। पुलिस के पास शिकायतों का सिलसिला जारी है। खजराना और क्राइम ब्रांच चोरी का केस दर्ज न करते हुए सिटीजन काप पर शिकायत ले रही हैं।
यह भी पढ़ें- रायपुर में मोबाइल गुम होते ही बैंक खाता खाली, रिटायर्ड बुजुर्ग के यूपीआई से उड़ाए 3 लाख रुपये
कार्यक्रम में मौजूद एक युवक के मुताबिक मोबाइल (आईफोन) चोरी होते ही उसके मोबाइल की लोकेशन मांगलिया की आई। थोड़ी देर बाद देवास और दूसरे दिन दिल्ली की लोकेशन मिली। इससे तो स्पष्ट है कि चोरी करने वाला दिल्ली का बदमाश है। पुलिस के मुताबिक कान्सर्ट में 10 से ज्यादा बदमाश आए थे।
यह भी पढ़ें- दुकान पर जाकर आप भी बोलते हैं 'भैया स्कैनर देना'? तो आज ही सुधार लें अपनी यह आदत!