स्वच्छता में झटके के बाद एक्शन में निगमायुक्त, इंदौर में गंदगी मिलने पर कर्मचारियों का कटा वेतन
इंदौर में स्वच्छता रैंकिंग गिरने के बाद निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने भंवरकुआं, कलेक्ट्रेट और अन्य इलाकों का औचक निरीक्षण किया। गंदगी और अनियमितता मिलने पर सफाईकर्मियों, अधिकारियों और एनजीओ पर जुर्माना व वेतन कटौती की कार्रवाई की गई।
Publish Date: Sun, 15 Nov 2026 09:05:59 AM (IST)Updated Date: Sun, 15 Nov 2026 09:05:59 AM (IST)
स्वच्छता में झटके के बाद एक्शन में निगमायुक्त। (नईदुनिया)HighLights
- निगमायुक्त क्षितिज सिंघल का इंदौर में औचक निरीक्षण।
- गंदगी मिलने पर दरोगा और सफाईकर्मियों पर एक्शन।
- दिन में स्ट्रीट लाइट जलने पर उपयंत्री का वेतन कटा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर: स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर को लगे झटके के बाद अब नगर निगम के जिम्मेदार सफाई के मामले पर फिर सख्त होते दिख रहे हैं। शनिवार को नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सुबह से शहर के निरीक्षण पर निकल पड़े। अन्नपूर्णा रोड से लेकर भंवरकुआं, सपना-संगीता और कलेक्टोरेट तक सघन दौरा हुआ।
सफाई व्यवस्था बदहाल, कर्मचारियों और एनजीओ पर गिरी गाज
मुख्य सड़कों से लेकर तालाब किनारे तक पटरी से उतरी सफाई व्यवस्था के दर्शन हुए। इसके बाद सफाईकर्मियों से लेकर सीएसआइ, दरोगा के साथ स्वच्छता बनाने के काम करने वाले एनजीओ पर भी नगर निगम ने कार्रवाई की। सभी पर आर्थिक दंड लगा दिया गया। इस बीच सड़क पर दिन में जलती स्ट्रीट लाइट पर भी निगमायुक्त की नजर पड़ गई तो विद्युत उपयंत्री का भी वेतन काटने का निर्देश दे दिया।
उद्यान में बदहाली, सेवा समाप्ति और वेतन कटौती
निगमायुक्त का दौरा जोन 21 अन्नपूर्णा शिव मंदिर उद्यान से शुरु हुआ। सबसे पहले उद्यान के अंदर सफाई बदहाल मिली। इस पर दरोगा सौरभ शर्मा का सात दिन का वेतन काटने और सफाईकर्मी कुशल कामले की सेवा समाप्ति का आदेश दे दिया। यहा एनजीओ के प्रतिनिधि राहुल वर्मा को नोटिस दिया।
दिन में जलती लाइट, उपयंत्री पर कार्रवाई
सपना-संगीता से भंवरकुआं की सड़क पर निरीक्षण के दौरान स्ट्रीट लाइट जलती मिली तो उपयंत्री लोकेश मेहता के एक दिन के वेतन कटौती के निर्देश दे दिए।
एनजीओ पर लगा जुर्माना
- इसी क्षेत्र में गंदगी और सफाई की बदहाली मिलने पर एनजीओ फीडबैक फाउंडेशन पर 10 हजार का जुर्माना लगाने का निर्देश दिया। इसी बीच निगमायुक्त का दौरा महावर नगर में हुआ। यहां कचरे के ढेर मिलने पर एमजीओ बेसिक्स पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाने का निर्देश दिया। लालबाग पैलेस की मुख्य सड़क, अन्नपूर्णा रोड के तालाब के पीछे भी कचरे के ढेर मिले।
निगमायुक्त को जानकारी मिली कि यहां एमजीओ बेसिक्स के प्रतिनिधि नियमित निरीक्षण ही नहीं कर रहे। इसके बाद बेसिक्स एनजीओ पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाने से लेकर क्षेत्र के दरोगा, सीएसएआइ का वेतन काटने का निर्देश भी दिया। इन क्षेत्रों में भी वेतन कटौती
- धोबीघाट, पलसीकर कालोनी में गंदगी मिलने पर दरोगा प्रवीण खरे, सीएसआइ शिवेंद्रसिंह का वेतन काटने का निर्देश दिया। सुदामा नगर डी सेक्टर में गोल्डन स्कूल के पास गंदगी मिलने पर दरोगा दिनेश आदिवाल और सीएसआइ श्याम मांडेकर का वेतन काटने का निर्देश दिया। महावर नगर के लिए दरोगा नवीन चौहान, और सीएसआइ पंकज धोलपुरे का वेतन काटने का निर्देश दिया।
- सपना-संगीता क्षेत्र में दरोगा अंजु रील के साथ सीएसआइ अभिषेक तिवारी का वेतन काटने का निर्देश दिया। अन्नपूर्णा रोड के तालाब की गंदगी के लिए सीएसआइ मनीष चंद्र और दरोगा विकास मट्टो का वेतन कटेगा। इन सभी कर्मचारियों के दो और तीन दिन का वेतन काटने का निर्देश जारी हुआ है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में आज दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट: 700 पुलिसकर्मी, 230 CCTV व ड्रोन से निगरानी; ये रहेगा ट्रैफिक रूट