
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। NEFT की बैंक फाइल फेल होने का फायदा उठाकर दूसरे कर्मचारियों का वेतन अपने खातों में ट्रांसफर करने वाले आईटी विभाग के दो कर्मचारियों अमन साल्वी और आउटसोर्स कर्मचारी अनुज पंवार की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। इन कर्मचारियों ने पांच मस्टर कर्मचारियों का वेतन अन्य खातों में ट्रांसफर कर लिया था।
गौरतलब है कि निगमायुक्त क्षितिज सिंघल को शिकायत मिली थी कि कुछ मस्टरकर्मियों का वेतन उनके खातों में नहीं पहुंचा है। गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए निगमायुक्त ने अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर की अध्यक्षता में इस संबंध में एक कमेटी गठित कर मामले की जांच के आदेश दिए थे।
यह भी पढ़ें- इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में बनेंगे चार नए फास्ट-ट्रैक कोर्ट, पन्ना में मेडिकल कॉलेज भी बन रहाः CM मोहन यादव
जांच कमेटी ने पाया कि आईटी कंपनी के कर्मचारी अमन साल्वी और आउटसोर्स कर्मचारी अनुज पंवार ने यह गड़बड़ी की है। ये दोनों कर्मचारी बैंक फाइल फेल होने का फायदा उठाकर कर्मचारियों का वेतन अन्य खातों में ट्रांसफर कर लेते थे। ऐसे पांच कर्मचारियों का वेतन दूसरे खातों में ट्रांसफर होने की पुष्टि के बाद निगमायुक्त ने दोनों कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी।