
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर में पंजाबी सिंगर करण औजला के शो से पहले नगर निगम की टीम ने कार्यक्रम की जगह पर पहुंचकर सामान जब्त कर लिया। जानकारी के मुताबिक शो से पहले निगम को मनोरंजन कर जमा नहीं करवाया गया है। इस पर यह कार्रवाई की गई। पंजाबी सिंगर का आज शाम ही शो होना है। शो के लिए 3 हजार से 6 लाख रुपये तक के टिकट की बेचे जाने की बात सामने आ रही है।
कॉन्सर्ट की तैयारी में लगे कर्मचारी उस समय चौक गए जब नगर निगम की टीम वहां पहुंची और एक-एक करके स्टेज पर रखा साउंड सिस्टम और अन्य सामान उठाकर गाड़ी में रखने लगी। इस दौरान कुछ लोगों ने उन्हें ऐसा न करने के लिए कहा, लेकिन नगर निगम के कर्मचारियों ने कार्रवाई जारी रखी।

इंदौर नगर निगम इसके पहले भी मार्च 2025 में हनी सिंह के कॉन्सर्ट में कार्रवाई कर चुका है। उस दौरान भी मनोरंजन कर न भरे जाने पर साउंड सिस्टम सहित एक करोड़ रुपये का सामान जब्त कर लिया गया था।

इसके पहले दिलजीत दोसांझ के 'इलुमिनाटी टूर' को लेकर भी मनोरंजन कर न चुकाने का मामला सामने आया था। जिसके बाद से नगर निगम से यह निर्णय लिया था कि अब कार्यक्रम के पहले ही मनोरंजन कर चुकाना होगा।