
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर से नई दिल्ली जाने वाली त्रिसाप्ताहिक सुपरफास्ट ट्रेन अब हिसार तक जाएगी। यह बदलाव 11 मार्च से किया जा रहा है। इससे दिल्ली के साथ ही हरियाणा जाने वाले यात्रियों को फायदा होगा। अब उनको हरियाणा राज्य तक सीधी ट्रेन सुविधा इंदौर से मिल सकेगी। वापसी में हिसार से 12 मार्च को ट्रेन इंदौर के लिए रवाना होगी। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त मांग को ध्यान में रखते हुए इंदौर-नई दिल्ली त्रिसाप्ताहिक एक्सप्रेस का हिसार तक विस्तार किया है।
इंदौर से यह ट्रेन बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलती है, जबकि हिसार से सोमवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी। बुधवार को ट्रेन संख्या 20957 इंदौर-हिसार त्रिसाप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस इंदौर से शाम 4.45 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 9.20 बजे हिसार पहुंचेगी। वहीं 12 मार्च को हिसार से चलने वाली ट्रेन संख्या 20958 हिसार-इंदौर त्रिसाप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस हिसार से दोपहर 1.20 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6.45 बजे इंदौर पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें- भिंड में कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई ठप, होटल-रेस्टोरेंट कारोबार प्रभावित, 40 हजार कनेक्शन पर असर
यह ट्रेन पहले इंदौर से नई दिल्ली स्टेशन के लिए संचालित होती थी, लेकिन अब इसको हिसार तक बढ़ाया गया है। साथ ही दिल्ली में दिल्ली सफदरजंग में ठहराव दिया गया है। अब यह ट्रेन नई दिल्ली स्टेशन पर नहीं जाएगी। इसके साथ ही ट्रेन का दोनों दिशाओं में पहले के स्टेशन के अलावा शकूरबस्ती, रोहतक, महम एवं हांसी स्टेशनों पर भी ठहराव रहेगा।