
Indore News: प्रेम जाट, नईदुनिया इंदौर। वाहनों की बिक्री के मामले में इंदौर इस वर्ष अव्वल है। आरटीओ में 11 माह में पौने दो लाख के करीब वाहन पंजीकृत हो चुके हैं, जो गत वर्ष की अपेक्षा साढ़े नौ हजार अधिक हैं। इसमें सबसे अधिक दोपहिया और कारें पंजीकृत हुई हैं। अकेले नवंबर में 26 हजार से अधिक वाहन पंजीकृत हुए हैं।
परिवहन विभाग इंदौर ने राजस्व वसूली के साथ वाहनों का पंजीयन भी खूब किया। इस वर्ष नवंबर तक एक लाख 72 हजार 969 वाहन पंजीकृत हो चुके हैं, जबकि गत वर्ष एक लाख 61 हजार 973 वाहन पंजीकृत हुए थे। गत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष 10996 वाहन अधिक पंजीकृत हुए हैं। आरटीओ प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि इस वर्ष जनवरी से नवंबर तक करीब 1.73 लाख वाहन पंजीकृत हो चुके हैं।

इंदौर में इस वर्ष जनवरी से नवंबर तक वाहनों की रिकार्ड बिक्री हुई है। इसमें सबसे अधिक दोपहिया वाहन एक लाख 13 हजार 807 बिके, जबकि कारों की बिक्री भी दूसरे नंबर पर रही। ग्यारह माह में आरटीओ में 42 हजार 624 कारों का पंजीयन कराया गया है। 4336 मालवाहक वाहनों की बिक्री हुई है। इसी अवधि में 3515 ई-रिक्शा वाहन भी पंजीकृत हुए हैं।

