
Indore News: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) मालवा प्रांत की दो दिवसीय बैठक रविवार को इंदौर के रामकृष्ण बाग में संपन्न हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि आगामी कार्यक्रम में श्री रामोत्सव के कार्यक्रम प्रत्येक समिति स्तर पर मनाए जाएंगे। बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी मातृशक्ति और विश्व हिंदू परिषद के प्रशिक्षण वर्ग लगाए जाएंगे। आगामी चुनाव को ध्यान रखते हुए इस बात पर कार्य करने की सहमति बनी कि राष्ट्रहित में मतदान शत प्रतिशत हो और मतदान के लिए रुपयों का प्रयोग नहीं किया जाए।

प्रांत मंत्री विनोद शर्मा ने षष्ठीपूर्ति वर्ष (60 वर्ष पूर्ण) को ध्यान में रखते हुए सभी जिलों की समितियां पूर्ण करने तथा प्रत्येक ग्राम, खंड, उपखंड तक विश्व हिंदू परिषद का कार्य पहुंचाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया। दो दिवसीय बैठक में जिला स्तर पर एक स्थायी सेवा कार्य चलाने की भी योजना बनाने पर चर्चा हुई। दो दिनी बैठक के दूसरे और अंतिम दिन रविवार को विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय सह संगठन महामंत्री विनायकराव, केंद्रीय मंत्री अजय पारीक व केंद्रीय सह कार्यालय प्रमुख मनोज वर्मा ने विभिन्न विषयों पर जानकारियां साझा की।
विनोद शर्मा ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में विश्व हिंदू परिषद की 188 प्रखंडों में समितियां हैं और प्रांत में बजरंग दल के 6390 संयोजक हैं। ढाई हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने विगत छह माह में रक्तदान किया है। वर्तमान में 841 स्थान पर विहिप के साप्ताहिक सत्संग जारी हैं। बैठक में मालवा प्रांत के लगभग 450 पदाधिकारी उपस्थित थे।
समापन सत्र में लक्ष्मी वेंकटेश देवस्थान के स्वामी विष्णुप्रपन्नाचार्य महाराज ने कहा कि विहिप ने राम मंदिर निर्माण का आंदोलन किया था, जिसे आज की पीढ़ी देख रही है। विहिप के कारण हिंदू समाज जाग्रत हुआ है। हमें भविष्य में भी समर्पित भाव से सभी कार्यों को पूर्ण करना है। आज भी समाज में कुछ कुरीतियां हैं। इसके लिए हमें कार्य करने की आवश्यकता है। प्रांत अध्यक्ष मुकेश जैन ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि हमें अपने सेवा कार्य पर ध्यान देना होगा तथा संस्कार शाला व सेवाकार्य बढ़ाने होंगे। हमें समाज के सभी वर्गों में संपर्क करना चाहिए।
प्रांत सह प्रचार प्रसार प्रमुख रवि कसेरा ने बताया कि बैठक में दायित्वों के भी परिवर्तन किए गए। इसके तहत महेश अंजना को प्रांत सह मंत्री, ज्योतिप्रिया को प्रांत दुर्गा वाहिनी संयोजिका, रामजी ओरा को प्रांत सेवा टोली के सदस्य, राजेश बिंजवे को प्रांत संपर्क टोली के सदस्य, प्रमोद मीठा को प्रांत सेवा टोली के सदस्य, यश बचानी को इंदौर विभाग मंत्री, यगेश राठी को विभाग सेवा प्रमुख, कृष्णा वर्मा को विभाग सह सेवा प्रमुख, दीपेश गोयल को विभाग संपर्क प्रमुख, राहुल दीक्षित को विभाग सह संपर्क प्रमुख, अविनाश कौशल को विभाग सह संयोजक, तन्नू शर्मा को विभाग सामाजिक समरसता प्रमुख, मोनिका को सह संयोजिका, माया को सह संयोजिका का दायित्व सौंपा गया।