
Indore News: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। तीन साल बाद जंगलों में गिद्धों की मौजूदगी को लेकर वन विभाग ने पूरे प्रदेश में गिनती की। रविवार को गिद्धों की गणना खत्म हो गई। इंदौर वनमंडल में तीन दिन किए गए गिद्ध सर्वे में आंकड़े चौंकाने वाले सामने आए हैं। पिछली गणना की तुलना में गिद्धों की संख्या कम हो गई है। शुक्रवार से रविवार के बीच इंदौर वनमंडल की चारों रेंज में कुल 86 गिद्ध दिखे गए। इनमें एनजीओ की गणना का आंकड़ा नहीं जोड़ा गया है। सोमवार को सभी रेंज से प्राप्त आंकड़ों को लेकर आकलन किया जाएगा। उसके आधार पर इंदौर वनमंडल अपनी रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय को देगा।

फाइल फोटो
विलुप्त होने के कगार पर पहुंच चुके गिद्धों के संरक्षण को लेकर वन विभाग काम करने में लगा है। 2021 के बाद गिद्ध सर्वे को विभाग ने पहली बार तीन दिन तक चलाया है। इंदौर वनमंडल में सुबह 6 से 8 बजे के बीच वनकर्मी को गिनती से जुड़े काम में लगा दिया था। इंदौर, चोरल, महू और मानपुर रेंज में 25 सेे अधिक स्थानों को चुना गया, जहां गिद्धों की मौजदूगी रहती है। इसके लिए 18 टीमें बनाई गई थी, जिन्होंने गिद्धों को गिनने का काम सौंपा था। पेडमी, देवगुराड़िया, पठान पिपलिया, चिखली, मेहंदीकुंड, पातालपामनी, तिन्छा, भड़किया, गिद्ध खो सहित कई स्थान थे।
पहले दिन 38, दूसरे दिन 26 और तीसरे दिन रविवार को 22 गिद्ध नजर आए। तीन दिन के भीतर इंदौर वनमंडल में 86 गिद्धों से जुड़े प्रमाण मिले हैं। वैसे इनमें 60 फीसद अवयस्क और 40 फीसद वयस्क गिद्ध बताया जा रहा है। फोटो के अलावा वीडियोग्राफी की गई। अधिकारियों के मुताबिक, गिद्धों के उड़ने से पहले इनकी गिनती करनी थी। जमीन, घोंसले और पेड़ पर बैठे गिद्धों के आंकड़े जुटाए गए हैं। हालांकि दो स्थानों पर गिद्धों के घोंसलों मिले हैं।
2021 में गणना के दौरान इंदौर वनमंडल में 117 गिद्ध मिले थे। अकेले इंदौर में वयस्क 46 और अवयस्क 71 का आंकड़ा था। ये देवगुराड़िया (36), पेडमी (47), गिद्ध खो (7), चिकली (2), तिन्छा (1), पठानपीपल्या (17), भड़किया (2) वनक्षेत्र में मिले थे, जिसमें महू-मानपुर में गिद्ध नजर तक नहीं आए थे। इस दौरान ट्रेंचिंग गाउंड पर गंदगी कम होने से गिद्ध घट गए हैं। 2024 की गणना में 86 गिद्ध मिले हैं। इस बार महू-मानपुर में भी गिद्ध दिखे हैं।वैसे गणना में कई नए वनक्षेत्रों पर भी सर्वे किया गया।
तीन दिन के भीतर सर्वे पूरा किया गया है। रविवार को चोरल में गिनती की गई है। अंतिम दिन 22 गिद्ध नजर आए हैं। वैसे तीनों दिन की रिपोर्ट को समग्र करना बाकी है। यह काम सोमवार को किया जाएगा। उसके आधार पर वयस्क और अवयस्क सहित आंकड़े सार्वजनिक किए जाएंगे। - महेंद्र सिंह सोलंकी, डीएफओ, इंदौर वनमंडल