इंदौर में वायु प्रदूषण की बड़ी वजह खराब सड़कें और घटती हरियाली, चंडीगढ़ मॉडल अपनाने की दरकार
इंदौर में खराब सड़कों, उड़ती धूल और कम होती हरियाली के कारण वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। चंडीगढ़ के मॉडल को अपनाकर और ग्रीन बेड बनाकर इंदौर की हवा सुधारी जा सकती है।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 01:58:16 PM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 01:58:16 PM (IST)
इंदौर में वायु प्रदूषण की बड़ी वजह खराब सड़कें और घटती हरियाली। (एआई जनरेटेड)HighLights
- स्वच्छता में नंबर वन इंदौर वायु प्रदूषण की चुनौती से जूझ रहा है।
- खराब सड़कें, उखड़ा डामर और निर्माण की धूल प्रदूषण का कारण।
- लगातार कम होती हरियाली भी शहर में हवा को खराब कर रही है।
नईदनिया प्रतिनिधि, इंदौर: स्वच्छता में देशभर में अपनी पहचान बना चुका इंदौर स्वच्छ हवा के मामले में चुनौतियों से जूझ रहा है। शहर में खराब सड़कें, जगह-जगह उखड़ा डामर, निर्माण कार्यों से उड़ती धूल, वाहनों का धुआं और लगातार कम होती हरियाली वायु प्रदूषण बढ़ाने वाले प्रमुख कारक बन रहे हैं। विडंबना यह है कि इंदौर के पास नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एनसीएपी) के तहत कार्य योजना भी है। प्रदूषण नियंत्रण के लिए कई विभागों की जिम्मेदारियां भी तय हैं, इनके बीच आपसी तालमेल की कमी के कारण अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आ पा रहे हैं।
वहीं, चंडीगढ़ ने सड़क किनारे हरियाली, ग्रीन बेड, इलेक्ट्रिक बसों को बढ़ावा, निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण और नियमित सड़क सफाई जैसे छोटे प्रभावी उपायों से वायु गुणवत्ता सुधारने की दिशा में उल्लेखनीय काम किया है। नवंबर माह में दीपावली को छोड़कर वहां एक्यूआइ 100 के नीचे रहने और दीपावली पर भी करीब 134 तक पहुंचने के आंकड़े सामने आए हैं। यह अंतर इंदौर के लिए सीखने और व्यवस्था की समीक्षा करने का अवसर है।
खराब सड़कें बन रही हैं धूल का बड़ा स्रोत
- इंदौर में वायु प्रदूषण की चर्चा होते ही पटाखों, वाहनों और औद्योगिक उत्सर्जन की बात होती है, सड़कों से उड़ने वाली धूल को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिलती। कई प्रमुख मार्गों और आंतरिक सड़कों पर गड्ढे, उखड़ी सतह, अधूरे मरम्मत कार्य और खुदाई के बाद ठीक से सुधार नहीं किए गए। ये हिस्से धूल का स्रोत बनते हैं। सड़क किनारे जमा मिट्टी व धूल वाहनों के गुजरने से दोबारा हवा में फैलती है।
- भारी यातायात वाले मार्गों पर समस्या और गंभीर हो जाती है। केवल मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से सफाई करना पर्याप्त नहीं है। सड़क की सतह को बेहतर बनाना, किनारों पर जमा मिट्टी हटाना, खोदाई के बाद समय पर रेस्टोरेशन और नियमित पानी का छिड़काव भी जरूरी है। संबंधित निर्माण एजेंसियां सड़क निर्माण और मरम्मत के साथ धूल नियंत्रण को कितनी गंभीरता से ले रही हैं? सड़कों की गुणवत्ता और उनकी नियमित देखरेख वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए बहुत जरूरी है।
हरियाली बिना कैसे सुधरेगी हवा
सड़क चौड़ीकरण, भवन निर्माण और अन्य विकास गतिविधियों के बीच पुराने पेड़ों और हरित क्षेत्रों पर दबाव बढ़ा है। कई मार्गों पर सड़क किनारे पर्याप्त हरियाली नहीं है। जहां पेड़ हैं, वहां भी उनके आसपास कंक्रीट, पेवर ब्लाक और अन्य निर्माण सामग्री के कारण मिट्टी का खुला क्षेत्र कम होता जा रहा है। विकास कार्यों के लिए बहुत से पुराने पेड़ काटे गए हैं, सड़क चौड़ीकरण के लिए भी बहुत पेड़ काटे जा चुके हैं। पर्यावरणविदों का कहना है कि अब लगभग नौ लाख पेड़ बचे हैं। हरियाली भी सात से नौ प्रतिशत शेष रह गई है।
चंडीगढ़ के प्रयोग इंदौर में हो सकते हैं लागू
- चंडीगढ़ की कार्यप्रणाली से सीख लेते हुए इंदौर में भी कुछ कदम उठाए जा सकते हैं। प्रमुख सड़कों पर ग्रीन बेड और हरित पट्टियां विकसित करना, खराब सड़कों की प्राथमिकता से मरम्मत, निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण, डीजल बसों के स्थान पर इलेक्ट्रिक बसों को बढ़ावा, पुराने प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की जांच और कचरा जलाने पर सख्ती जैसे उपाय प्रभावी हों।
- पर्यावरण विशेषज्ञों के अनुसार वायु प्रदूषण को मौसमी समस्या मानना सबसे बड़ी भूल है। पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे सूक्ष्म कण लंबे समय तक हवा में मौजूद रहकर लोगों के स्वास्थ्य को प्रभावित करते हैं। इनके कारण श्वास संबंधी बीमारियों, अस्थमा व ह्दय रोगों का जोखिम बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें- भोपाल मास्टर प्लान: 13 हजार से ज्यादा आपत्तियों में उठे 5 मुद्दे; जानिए क्या चाहते हैं रहवासी
लगातार प्रयास जारी
शहर की आबोहवा सुधारने के सतत प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क निर्माण कंपनियों को सड़कों के कार्य जल्द से जल्द पूरा करने की हिदायत दी गई है। कई स्थानों पर सख्ती कर रहे हैं। उसके परिणाम भी नजर आने लगे हैं। - क्षितिज सिंघल, निगमायुक्त