Indore Railway Station: लंबी वेटिंग के चलते इंदौर से मुंबई के लिए स्पेशल ट्रेन एक अक्टूबर को
Indore Railway Station: गांधी जयंती 2 अक्टूबर के पहले आने वाली छुट्टियों के मद्देनजर यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिलेगी। इंदौर और मुंबई के बीच में ट्रेन एक फेरा लगाएगी।
By Hemraj Yadav
Edited By: Hemraj Yadav
Publish Date: Fri, 29 Sep 2023 08:00:03 PM (IST)
Updated Date: Fri, 29 Sep 2023 08:00:03 PM (IST)
HighLights
- इंदौर से चलने वाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा मुंबई, पुणे और दिल्ली रूट पर वेटिंग है।
- मुंबई सेंट्रल एवं लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन के बीच विशेष किराए पर होगा इस ट्रेन का संचालन।
- इंदौर से शाम 4.50 बजे रवाना होगी ट्रेन, जो अगले दिन सुबह 5.20 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।
Indore Railway Station: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंदौर से चलने वाली अधिकांश ट्रेनों में आरक्षित सीट मिलना मुश्किल हो रहा है। सबसे ज्यादा वेटिंग मुंबई, पुणे, दिल्ली रूट पर है। इन रूटों पर चलने वाली नियमित और साप्ताहिक ट्रेनों में लंबी वेटिंग है। ऐसे में पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए इंदौर और मुंबई के बीच स्पेशल ट्रेन संचालन का निर्णय किया है। गांधी जयंती 2 अक्टूबर के पहले आने वाली छुट्टियों के मद्देनजर यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिलेगी। इंदौर और मुंबई के बीच में ट्रेन एक फेरा लगाएगी।
![naidunia_image]()
पश्चिम रेलवे द्वारा मुंबई सेंट्रल एवं लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन के बीच विशेष किराए पर विशेष ट्रेन संचालन का निर्णय किया गया है। 1 अक्टूबर को इंदौर से 09054 लक्ष्मीबाई नगर-मुंबई सेंट्रल स्पेशल ट्रेन शाम 4.50 बजे रवाना होगी, जो अगले दिन सुबह 5.20 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।
शनिवार को मुंबई सेंट्रल से होगी रवाना
इससे पहले शनिवार को मुंबई सेंट्रल से 095053 मुंबई सेंट्रल-लक्ष्मीबाई नगर स्पेशल ट्रेन रात 9.35 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन रतलाम मंडल के दाहोद सुबह 5.13 बजे, रतलाम सुबह 6.40 बजे, उज्जैन 9.10 बजे और 10.18 बजे देवास होते हुए रविवार सुबह 11 बजे लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।