
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट में रविवार शाम हजारों प्रशंसक संगीत की धुनों पर झूम रहे थे, लेकिन आयोजन स्थल के बाहर शहर का एक बड़ा हिस्सा जाम, बदले हुए यातायात मार्गों और शोरगुल से जूझता रहा। बायपास स्थित सी-21 एस्टेट ग्राउंड पर आयोजित इस कार्यक्रम के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे।
300 पुलिसकर्मी, 100 ट्रैफिक अधिकारी-जवान और करीब एक हजार निजी वालंटियर्स तैनात किए गए। ड्रोन, सीसीटीवी और एआइ कैमरों से भी निगरानी की गई। इसके बावजूद सवाल यह है कि एक निजी आयोजन की व्यवस्था का इतना बड़ा भार आम शहरवासियों को क्यों उठाना पड़ता है।
नईदुनिया की टीम शाम पांच बजे आयोजन स्थल पहुंची तो आसपास के मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ चुका था। दोपहर तीन बजे से ही दर्शकों के वाहन आयोजन स्थल की ओर पहुंचने लगे थे। स्टार चौराहे से बैंक आफ इंडिया चौराहे तक वाहनों की कतारें लगने लगी थीं। शाम होते-होते दर्शकों की चार पहिया और दोपहिया गाड़ियों की संख्या बढ़ती गई। बैंक ऑफ इंडिया चौराहे से खजराना जाने वाले मार्ग पर भी वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दीं।
कार्यक्रम के दौरान पटेल नगर क्रासिंग से हाईवे, दस्तूर चौराहा, स्टार चौराहा और रेडिसन चौराहे होते हुए देवास नाका तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया। दर्शकों के वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग तय किए गए थे। सुरक्षा के लिहाज से कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई। इसका असर आसपास के रहवासी क्षेत्रों के साथ सामान्य आवागमन पर भी पड़ा।
खजराना निवासी अरशद बैग ने बताया कि आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा के लिहाज से किले में बदल दिया गया था। बैंक आफ इंडिया चौराहे से खजराना जाने वाले वाहन दर्शकों की गाड़ियों के बीच फंसे रहे। आसपास के रहवासियों को भी सामान्य रूप से आने-जाने में परेशानी हुई। फीनिक्स माल के सामने बने नए फ्लाइओवर पर भी लोगों को रुकने नहीं दिया जा रहा था। दोपहर से ही बैरिकेडिंग होने के कारण लाभगंगा से खजराना आने-जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
वाहन चालक विजय मेहता ने बताया कि वे परिवार के साथ दर्शन के लिए जा रहे थे, लेकिन दर्शकों के वाहनों की लंबी कतार में फंस गए। इस मैदान पर पहले भी बड़े आयोजन होते रहे हैं। हर बार आसपास के रहवासियों और आम वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसे आयोजन शहर से बाहर किए जाने चाहिए, ताकि सामान्य जनजीवन प्रभावित न हो।
कार्यक्रम को धमकी मिलने के बाद पुलिस ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए थे। क्राइम ब्रांच और यातायात पुलिस भी सक्रिय रही। पुलिस ने सशर्त अनुमति देते हुए चार गानों की प्रस्तुति पर रोक लगाई थी। ड्रोन, सीसीटीवी और एआइ कैमरों से निगरानी की गई। 25 हजार से अधिक दर्शकों के पहुंचने की संभावना के बीच बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और निजी सुरक्षाकर्मी तैनात रहे।
हजारों टिकट बिके और करोड़ों की कमाई का आयोजन हुआ। नगर निगम को मनोरंजन कर भी मिलेगा, लेकिन जाम, शोर और बदली यातायात व्यवस्था की कीमत आम शहरवासी क्यों चुकाएं?
यह भी पढ़ें- इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में झूमे हजारों फैंस, 'गोट' से 'बॉर्न टू शाइन' तक गूंजा स्टेडियम
यह भी पढ़ें- 'मुझे रोकने की हुई कोशिश, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है', इंदौर कॉन्सर्ट में दिलजीत दोसांझ का बड़ा बयान, Video
आयोजक जमा करते हैं निर्धारित शुल्क
कार्यक्रम के लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसमें 300 पुलिसकर्मी, 100 यातायातकर्मी, 12 वाच टावर, बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस), ड्रोन सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरों की मदद ली गई है। निजी आयोजनों के लिए पुलिस और यातायात पुलिस निश्शुल्क सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराती। इसके लिए आयोजकों से निर्धारित शुल्क लिया जाता है। यह राशि पुलिस वेलफेयर में जमा होती है। - राजेश दंडोतिया, एडिशनल डीसीपी, क्राइम ब्रांच