
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर-उज्जैन सड़क के छह लेन बनने के बाद वाहनों की गति बढ़ गई है। सड़क के बीच बने 14 कट भी परेशानी बन रहे हैं। इन्हें बंद करने के लिए प्रशासन, यातायात पुलिस और एमपीआरडीसी की संयुक्त टीम सर्वे करेगी। सर्वे के बाद अनुपयोगी कटों को बंद किया जाएगा, ताकि हादसे न हो।
इंदौर-उज्जैन सड़क को चार से छह लेन किया गया है। सड़क का अधिकांश हिस्सा तैयार हो चुका है। कुछ स्थानों पर फ्लाईओवर और पुल-पुलियाओं का काम जारी है। सड़क चौड़ी होने से वाहनों की औसत गति बढ़ गई है। तेज गति से दौड़ने वाले वाहनों के लिए सड़क के बीच में ग्रामीण क्षेत्रों में बने कट भी हादसों के कारण बन रहे हैं। इन कटों से कभी भी वाहन सड़क पर अचानक आ जाते हैं। इसलिए अब कम उपयोग वाले कटों को बंद किया जाएगा।
इंदौर-उज्जैन रोड पर अरविंदो अस्पताल के पास पेट्रोल पंप वाला कट भी जाम का कारण बन रहा है। यह कट डबल डेकर फ्लाईओवर से उतरते ही आ रहा है। ऐसे में फ्लाईओवर से तेज गति से आ रहे वाहनों को रुकने में परेशानी होती है। टीम यहां भी अन्य विकल्प पर विचार करेगी। इस कट से मेडिकल कालेज के साथ कई कालोनियों का रास्ता जाता है। सांवेर तक ऐसे ही सड़क पर कई कट हैं, जिनका उपयोग और विकल्प तलाशा जाएगा।
यह भी पढ़ें- रतलाम, उज्जैन और इंदौर के यात्रियों को रेलवे का तोहफा! इस दिन से चलेंगी 6 स्पेशल ट्रेनें, देखें शेड्यूल
सिक्स लेन बनने के बाद कई ढाबे सड़क तक आ गए हैं। इस कारण इन ढाबों के सामने सड़क पर ही वाहन पार्क होने लगे। इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। अब इन ढाबों के बाहर होने वाली पार्किंग को भी बंद कराया जाएगा। जिनके पास पार्किंग का स्थान नहीं है, उन पर भी सख्ती की जाएगी। फीडर सड़कों पर भी ब्रेकर बनाए जाएंगे, ताकि वाहन तेजी से मुख्य सड़क पर नहीं आ सकें।
यह भी पढ़ें- उज्जैन के आस-पास गांवों में बनेंगे होम स्टे, सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा
इंदौर-उज्जैन छह लेन सड़क के कटों का सर्वे किया जाएगा। कम उपयोग वाले कट बंद किए जाएंगे। इसके लिए सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। वहीं ढाबों के बाहर सड़क पर पार्किंग को भी रोका जाएगा। - शिवम वर्मा, कलेक्टर